
IAS Transfer
हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। एक साथ 6 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण (IAS Transfer)किया गया है। इसके अलावा 6 एचसीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सब डिविजनल ऑफिसर, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक, जिला नगर आयुक्त ज्वाइंट डायरेक्टर समेत कई पदों की प्रभार में बदलाव हुआ है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 2 सितंबर को तबादले और नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू है।
अनिरुद्ध यादव सब डिविजनल ऑफीसर (सिविल) नारनौल, डिप्टी सीईओ और डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर हरियाणा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब प्रोजेक्ट लिमिटेड को स्थानांतरित करके एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक और ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सीईओ पद पर नियुक्त किया गया है। एलेनाबाद के एसडीओ (सिविल) पद की जिम्मेदारी अदिति सिंघानिया को सौंपी गई है।
इन आईएएस अफसरों को भी मिली नई जिम्मेदारी
फिरोजपुर झिरका के सब डिविजनल ऑफिसर (सिविल) पद पर आईएएस अधिकारी रूहानी को नियुक्त किया गया है। सुमन यादव को उचाना कलान का नया सब डिविजनल ऑफिसर (सिविल) बनाया गया है। योगेश दिलहोर को डबवाली एसडीओ (सिविल) पद पर नियुक्त किया गया है। पेहोवा के सब डिविजनल ऑफिसर (सिविल) पद पर राहुल कांवरिया को नियुक्त किया गया है।
इन HCS अधिकारियों का तबादला हुआ
विजेंद्र हुडा सीईओ जिला परिषद चरखी दादरी और सीईओ डीआरडीए चरखी दादरी को स्थानांतरित करके जिला नगर आयुक्त चरखी दादरी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हिसार पद पर वेद प्रकाश को नियुक्त किया गया है। लक्ष्मी नारायण को ज्वाइंट डायरेक्टर (प्रशासन) शाहिद हसन खान मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज नल्हार (नूह) पद पर भेजा गया है। रमित यादव को ज्वाइंट डायरेक्टर हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन गुरुग्राम पद की जिम्मेदारी दी गई है। गुरविंदर सिंह को सब डिविजनल ऑफिसर (सिविल) नारनौल पद पर नियुक्त किया गया है। पारस भगोरिया को ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम करनाल पद पर नियुक्त किया गया है।

