सीएम शिवराज के बयान पर मचा बवाल, कांग्रेस ने घेरा, दिग्विजय ने लगाए गंभीर आरोप

सीएम शिवराज के बयान पर मचा बवाल, कांग्रेस ने घेरा, दिग्विजय ने लगाए गंभीर आरोप

CM Shivraj Singh Chouhan/Digvijya Singh : सीएम शिवराज सिंह चौहान के लाडली बहनाओं को दी जाने वाली राशि को लेकर दिए जाने वाले बयान पर बवाल हो गया है। दरअसल बीती रात गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने नवंबर में लाडली बहन की किस्त बहनों के खाते में चुपचाप डालने का वादा किया था। इसे लेकर कांग्रेस अब शिवराज पर वार कर रही है, वहीं दिग्विजय सिंह ने इस मामले को संज्ञान में लेने के लिए निर्वाचन आयोग से निवेदन किया है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, महिलाओं के सशक्तिकरण की सबसे बड़ी योजना लाडली बहन को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान बीती शाम गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में विस्तार से जनसभा को समझ रहे थे। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से कहा कि इसकी राशि पहले 1000 रू की गई। अब 1250 रू हो गई है और इसे बढ़ाकर धीरे-धीरे 3000 रू तक ले जाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता था कि अक्टूबर में 10 तारीख के पहले आचार संहिता लग जाएगी और 10 तारीख लाडली बहन के खाते में राशि डालने के लिए नियत तारीख है। इसलिए उन्होंने 4 अक्टूबर को ही बहनों के खाते में राशि डाल दी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस पर बवाल करती इसलिए उन्होंने ऐसा किया। इसके बाद शिवराज बोले कि नवंबर में आचार संहिता लगेगी लेकिन मैं चुपचाप लाडली बहना योजना की राशि खाते में डाल दूंगा। शिवराज का यह बयान आते ही बवाल मच गया और कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना लिया। थोड़ी दिन पहले ही शिवराज ने कांग्रेस और कमलनाथ को ठगराज कहा था और अब बारी कांग्रेस की थी।

कांग्रेस बोली- शिवराज जी खुलेआम उड़ा रहे आचार संहिता की धज्जियाँ 

पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पियूष बबेले ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा”शिवराज जी खुलेआम आचारसंहिता की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं। कह रहे हैं आचार संहिता लगने के बाद चुपके से पैसे डालूँगा।ये चुपके से क्या होता है? पहचानिये मध्य प्रदेश का असली ठग कौन है? ठगराज को पहचानिए।” लेकिन इस घोषणा पर इससे भी बड़ा हमला शनिवार की सुबह दिग्विजय सिंह ने किया। उन्होंने इस मामले को संज्ञान में लेने के लिए निर्वाचन आयोग से ट्वीट कर अपील की।वही यह भी लिखा कि दुबई में शिवराज ने क्या-क्या किया है, उसकी भी जानकारी है।

दिग्विजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा” @ChouhanShivraj की चुपके से पैसे डालने की आदत बन गयी है। पहले भ्रष्ट विधायकों की जेब में डाल कर मुख्य मंत्री बना अब खुले आम कह रहा है। क्या ECI इसे संज्ञान में लेंगे? इन्होंने दुबई में क्या क्या किया है उसकी भी जानकारी है। २००६ में मामा क्या था और अब क्या है आप सब जान रहे हैं। ” कांग्रेस इस मुद्दे पर जिस तरह से आक्रामक है उससे लगता है कि अभी यह वार जल्दी थमने वाला नहीं और आगे आने वाले समय में बीजेपी और कांग्रेस दोनों की ओर से इस मुद्दे पर आरोप प्रत्यारोप और लगेंगे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews