Indore Gair: रंगों से सराबोर हुआ इंदौर, 3 किमी लंबी गैर में जुटे 5 लाख से ज्यादा लोग, 1 घंटे के अंदर साफ हुआ शहर

Indore Gair

Indore Gair: इंदौर में रंग पंचमी की गैर का अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। आज फिर यह नजारा नजर आया और जमीन से लेकर आसमान तक हर जगह रंगों की बौछार दिखाई दे रही थी। पूरा इंदौर सड़कों पर उतर गया था और त्योहार की मस्ती में डूबा हुआ दिखाई दे रहा था।

शहर में लगभग 3 किलोमीटर लंबी गैर निकाली गई जिसमें 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। सबसे खास बात यह रही कि इतना ज्यादा रंग गुलाल उड़ाए जाने के बावजूद भी गैर खत्म होने के 1 घंटे के भीतर ही पूरे शहर को साफ कर दिया गया।

प्रसिद्ध है Indore Gair

मध्य प्रदेश के इंदौर में पिछले कई सालों से परंपरागत गैर निकाली जा रही है, जिसमें लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। हर कोई रंगों की मस्ती में डूबा हुआ नाचता गाता दिखाई देता है।

इस शानदार आयोजन में प्रशासन द्वारा तगड़ी व्यवस्था की जाती है और बड़े-बड़े पानी के टैंकरों से रंग गुलाल की बौछार में ना सिर्फ इंदौर के स्थानीय रहवासी बल्कि बाहर से आए हुए लोग भी झूमते गाते दिखाई देते हैं। आज भी यह बेहतरीन नजारा शहर की सड़कों पर दिखाई दिया।

महापौर ने दिया धन्यवाद

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गैर में शामिल हुई असंख्य भीड़ को इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए धन्यवाद दिया। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा आप सभी के उत्साह और सकारात्मक सहभागिता को देखकर मैं बहुत भावविभोर हूं। इस आयोजन को सार्थक बनाने के लिए अथक मेहनत करने वाले पुलिस प्रशासन, नगर निगम कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोगियों का मैं सादर आभारी हूं।

नरोत्तम मिश्रा ने किया ट्वीट

इंदौर में निकली भव्य रंग पंचमी की गैर का वीडियो गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा परंपरा और भाईचारे के रंग में सराबोर इंदौर।

जुटी 5 लाख लोगों की भीड़

इंदौर की इस परंपरागत गैर में 500000 लोगों की भीड़ इस साल इकट्ठा हुई। कोई अपने परिवार के साथ यहां मौजूद था तो कोई दोस्तों के साथ मौज मस्ती कर रहा था। लोग दूर-दूर से गैर का आनंद लेने के लिए यहां पहुंचे थे। सुबह से शुरू हुआ गैर निकाले जाने का सिलसिला दोपहर 3 बजे तक चलता रहा और इस दौरान राजबाड़ा इलाके में भारी भीड़ देखी गई।

गैर में ढोल ताशे और डीजे की धुन पर और हुरियारों की टोली जमकर नाचती गाती हुई दिखाई दी। राजबाड़ा पर जमकर पानी की बौछार हुई जिसे देखकर हर कोई झूम उठा। पूरा शहर इस दौरान रंगों की मस्ती में डूबा हुआ दिखाई दिया।

एक घंटे में क्लीन हुआ इंदौर

इंदौर देश के सबसे स्वच्छ शहर में पहले पायदान पर आता है। इसे सबसे स्वच्छ शहर कहा जाना सिर्फ बात ही नहीं है बल्कि यह नजारा यहां पर देखने को मिलता है। आज भी गैर निकलने के बाद सिर्फ 1 घंटे के अंदर नगर निगम के सफाई मित्रों ने पूरे शहर को साफ कर दिया।

साल 2022 में जब रंग पंचमी की गैर निकाली गई थी तब कर्मचारियों को सफाई करने में 2 घंटे का वक्त लगा था लेकिन इस बार उन्होंने इस काम को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और 1 घंटे के अंदर पूरे शहर को साफ कर दिया।

पुष्यमित्र भार्गव ने की तारीफ

गैर निकलने के 1 घंटे के अंदर शहर को साफ कर देने वाले सफाई कर्मियों की मेहनत से खुश हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने एक और ट्वीट किया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा स्वच्छता आदत में है, स्वच्छता त्योहार है आज यह वाक्य सिद्ध हो गया है।

आगे उन्होंने लिखा सौहार्दपूर्ण और उत्साह पूर्वक निकाली गई रंग पंचमी की गैर के बाद डेढ़ सौ सफाई मित्रों ने मशीनों की मदद से पूरे मार्ग को पूर्व स्वरूप में वापस लाया है, जो सराहनीय है। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ सफाई करते हुए कर्मचारियों की तस्वीरें भी शेयर की है और साफ मार्ग भी दिखाया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews