
Indore News : इंदौर में पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, आज पिपलियाहाना में योजना क्रमांक 140 स्थित पासपोर्ट कार्यालय को निपानिया क्षेत्र में शिफ्ट किया जा रहा है। सबसे पहले यहां पासपोर्ट बनाने के लिए की गई नई व्यवस्थाओं का ट्रायल होगा और कल से कार्यालय पूरी तरह से कार्य करना शुरू कर देगा।

क्या है नया पता?
बता दें कि इंदौर में पासपोर्ट सेवा केंद्र अब नए भवन में स्थानांतरित हो गया है। इसके लिए सार्वजनिक सूचना जारी कर पासपोर्ट आवेदकों को सूचित किया गया है कि पासपोर्ट सेवा केन्द्र, आनंद वन, स्कीम नं.140, आईडीए कॉम्प्लेक्स पिपिलिहाना से आज स्थानांतरित किया जा रहा है। पासपोर्ट सेवा केंद्र अब अपने नए पते पर चालू होगा। नया पता पासपोर्ट सेवा केंद्र, दूसरी मंजिल, गोल्ड प्लाजा, अपोलो डीबी सिटी, निपानिया शिफ्ट किया जा रहा है। नई सुविधा पिछली सुविधा का उन्नयन है और पासपोर्ट सेवाओं की उच्च मांग को संभालने के लिए अच्छी तरह से सुसज्जित है।
15 आवेदनों के साथ होगा परीक्षण
वहीं, भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी एवं मध्यप्रदेश के रीजनल पासपोर्ट अधिकारी शितांशु चौरसिया ने बताया है कि नए पासपोर्ट सेवा केंद्र में अधिक संख्या में काउंटर और बेहतर सुविधाएं हैं, जो नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करेंगी। इसमें महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं भी होंगी। अधिकारी ने आगे बताया कि आज 15 आवेदनों के साथ परीक्षण होगा और कल 19 दिसंबर से यह केंद्र पूरी क्षमता के साथ कार्य करने लगेगा। इसके अलावा, नया पता सभी आवेदकों को SMS के द्वारा भेजी गई है। किसी भी तरह की समस्या होने पर आवेदक rpo.bhopal@mea.gov.in पर मेल भेजकर संपर्क कर सकते हैं।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

