
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी बीच, पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छत्रीपुरा पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। कार में सवार मोहम्मद अफजल उर्फ अज्जू और फिरोज को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, क्राइम ब्रांच ने 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक युवक को पकड़ा है। इसके अलावा खजराना पुलिस ने भी ड्रग्स की सप्लाई के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों कार्रवाई में तीन आरोपियों को दबोचा है। वहीं करीब 47 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया है। इसकी जानकारी एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मीडिया को दी है।
कार से 28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद
राजेश दंडोतिया के अनुसार, पहली कार्रवाई छत्रीपुरा थाना पुलिस ने की। पुलिस टीम ने गंगवाल बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार से 28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों मोहम्मद अफजल उर्फ अज्जू निवासी छिपा बाखल, मल्हारगंज और फिरोज निवासी खजराना कांकड़, एमआईजी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से केस दर्ज
पुलिस को आरोपियों के सिंडिकेट बनाकर ड्रग्स की खरीद-फरोख्त करने की जानकारी मिली है। पुलिस जांच में सामने आया कि मोहम्मद अफजल के खिलाफ पहले से 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले भी शामिल हैं। वहीं, फिरोज के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस ने आगे की जांच कर आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
खजराना पुलिस ने जब्त की 18.5 ग्राम एमडी ड्रग्स
वहीं, नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई खजराना पुलिस ने की है। खजराना पुलिस ने रिजवान अंसारी नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 18.5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुछ दिन पहले अक्कू को एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा था। उससे पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर रिजवान तक पहुंची। पुलिस अब अलग-अलग कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
कुल 10 लाख रुपये अधिक का मशरूका जब्त
बता दें कि दोनों थाना अंतर्गत पुलिस ने जो दो अलग-अलग कार्रवाई की है। उसमें करीब 47 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया गया है। साथ ही कुल तीन आरोपियों को दबोचा गया है। पुलिस ने अनुसार, जब्त किये गये मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही एक कार को भी जब्त किया है। कुल मशरूका की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
