ख़बर का असर, शुक्रवार नहीं, रविवार को ही होगी छुट्टी, शिक्षा विभाग ने तोड़ा अंजुमन इस्लामिया स्कूल का ताला

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने अंजुमन इस्लामिया स्कूल के फैसले का कड़ा विरोध किया और दो टूक शब्दों में कहा कि मुल्ला मौलवी तय नहीं करेंगे की स्कूल की छुट्टी कब होगी ये शासन तय करेगा और उसे मानना होगा।
Anjuman Islamia School, Jabalpur

सकारात्मक पत्रकारिता करने वाली MP Breaking News की खबर का एक बार फिर असर हुआ है, मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित अंजुमन इस्लामिया स्कूल ने छुट्टी बदलकर रविवार की जगह शुक्रवार (जुमा) करने का विवादित फैसला लिया था उसपर एक्शन हुआ है, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को फटकार लगाई और स्कूल में लगा ताला तोड़कर उसे खुलवाया।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में संचालित अंजुमन इस्लामिया स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर एक फैसला लेते हुए आदेश जारी किया कि अब से स्कूल में रविवार को नहीं शुक्रवार यानि जुमा को छुट्टी होगी, विद्यालय ने पेरेंट्स के व्हाट्स एप ग्रुप से इस आशय का मैसेज कल गुरुवार को कर दिया और आज शुक्रवार को स्कूल के गेट पर ताला लगा दिया, स्कूल के इस तुगलकी फैसले का विरोध शुरू हो गया, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री मुज्जम्मिल अली ने इसपर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश की स्थापित व्यवस्था के विरुद्ध है।

कलेक्टर से स्कूल के आदेश की शिकायत 

भाजपा नेता मुज्जम्मिल अली ने जबलपुर कलेक्टर को इस आदेश के विरोध में एक ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में स्कूल के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की गई। पत्र में तर्क दिया गया है कि स्कूल का यह फैसला भारतीय संविधान की व्यवस्था के खिलाफ है, जिसके तहत पूरे देश में रविवार को साप्ताहिक अवकाश के रूप में मान्यता प्राप्त है। भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा नेता ने अपने पत्र में कहा है कि संविधान की व्यवस्था के अनुसार रविवार को ही अवकाश रखा जाना चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता बनी रहे।

मुल्ला मौलवी तय नहीं करेंगे स्कूल की छुट्टी: BJP 

उधर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी अंजुमन इस्लामिया स्कूल प्रबंधन के फैसले का तीखा विरोध किया , भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कोई मुल्ला मौलवी तय नहीं करेंगे कि स्कूल की छुट्टी कब होगी,  उन्होंने कहा कि  कहा “बाबा साहब के संविधान के आधार पर सरकार चलती है और सरकार के आधार पर व्यवस्था चलती है इसलिए हर स्कूल अपने अपने हिसाब से छुट्टी घोषित नहीं कर सकता।

रामेश्वर शर्मा ने दी थी मान्यता पर खतरे की चेतावनी 

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सभी के लिए शासन के बनाये नियम और कानून का पालन करना आवश्यक है , उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा, स्कूल की छुट्टी कब होगी ये मध्य प्रदेश का स्कूल शिक्षा विभाग तय करेगा या फिर प्रदेश का सामान्य प्रशासन विभाग तय करेगा अंजुमन इस्लामिया स्कूल नहीं कर सकता , शुक्रवार की घोषित छुट्टी निरस्त करो वर्ना आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जायेगा, स्कूल की मान्यता भी खतरे में पड़ सकती है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने तोड़ा ताला 

एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ ने बच्चों के हित वाली इस खबर को प्रमुखता से अपने पाठकों तक पहुंचाया जिसके बाद मामला भोपाल में बैठे स्कूल शिक्षा विभाग और मंत्रालय के बड़े अफसरों के संज्ञान में आया जिसके बाद खबर का असर हुआ और जबलपुर शिक्षा विभाग के अधिकारी  अंजुमन इस्लामिया स्कूल पहुंचे और गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और निर्देश दिए कि स्कूल की छुट्टी रविवार को ही होगी, शुक्रवार को नहीं।

शासन तय करता है स्कूलों के नियम  

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में संचालित सरकारी अथवा निजी स्कूलों के लिए नियम मध्य प्रदेश शासन का स्कूल शिक्षा विभाग बनाता है, इन्हीं में शामिल एक अहम् नियम के मुताबिक स्कूल प्रबंधन को अपने विद्यालय में कोई नीतिगत निर्णय लेना है तो उसे उसकी अनुमति और जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग को देनी होगी लेकिन अंजुमन इस्लामिया स्कूल ने अपने ही स्तर पर छुट्टी का दिन बदलने का फैसला कर लिए जो नियम विरुद्ध था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews