पीएम मोदी ने कहा ‘मध्य प्रदेश में कांग्रेस शर्मनाक हार की तरफ बढ़ रही है’, झाबुआ में अंतिम चुनावी सभा में बीजेपी की जीत का दावा

PM

MP Election 2023/PM Modi in Jhabua :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झाबुआ में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपनी अंतिम चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मुझे अच्छा लगा कि मेरे घर में ही मेरी अंतिम सभा हो रही है और मुझे विश्वास है कि मेरी आखिरी सभा चुनाव नतीजों में नंबर वन बन जाएगी’। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की करारी हार होने का दावा करने के साथ उन्होने जनता से बीजेपी के लिए वोट देने का आह्वान किया।

पीएम ने कहा ‘एमपी में खिलने वाला है कमल’

पीएम ने कहा कि जिस तरह का माहौल इस बार पूरे मध्य प्रदेश में है..साफ साफ नजर आ रहा है जनता जनार्दन की गारंटी है कि कमल खिलने वाला है। उन्होने कहा कि ‘कांग्रेस इस चुनाव में कहीं टक्कर में ही नहीं है और वो मध्य प्रदेश में एक बहुत बड़ी शर्मनाक हार की तरफ बढ़ रही है। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश के लोग विकास को चुनेंगे..भाजपा को चुनेंगे। कांग्रेस के पंजे को मिलेगी करारी हार..एमपी चुनेगा भाजपा बार बार। उन्होने कहा कि जिस प्रकार गुजरात के सारे आदिवासी पट्टे में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और वही स्थिति मध्य प्रदेश में भी बनने जा रही है। आदिवासी समाज ने कांग्रेस को पूरी तरह नकारकर रखा है। देश की जनता जान गई है कि कांग्रेस आई, तबाही लाई। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में ही देखा है। इसीलिए हर तरफ कांग्रेस को लेकर घनघोर गुस्सा है और भाजपा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस नेताओं पर लगाया आदिवासियों की उपेक्षा का आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पर आदिवासियों के गुस्से और भाजपा पर आदिवासियों के भरोसे के ठोस कारण है। कांग्रेस के नेता गरीबों की झोपड़ी में जाकर फोटो खिंचवाते थे, उनकी गरीबी बेहाली दिखाते थे और फिर उन्हें भूल जाते थे। ये ड्रामा नाना ने भी किया, दादी ने भी किया, पिता ने भी किया..सबने यही काम किया। जिन बच्चों को कांग्रेस के राज में सही पोषण नसीब नहीं था, वो बच्चे कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें सजाने के काम आते थे। उन्होने पूछा कि इस तरह की मानसिकता रखने वाली कांग्रेस क्या कभी किसी गरीब या आदिवासी का भला कर सकती थी। उन्होने सवाल किया कि क्या आप उनपर भरोसा कर सकते हैं। उनके कारण दशकों तक गरीब आदिवासी हाशिए पर रहे।

बीजेपी को प्रचंड बहुमत से जिताने का आह्वान

पीएम ने कहा कि भाजपा ने वंचितों को वरीयता दी। मैंने संकल्प लिया सबका साथ सबका विकास। जो समाज के आखिरी छोर पर छूटे हुए थे हमने उन्हें प्राथमिकता दी। जिनकी किसी ने परवाह नहीं की थी, मोदी ने उनकी परवाह की। बीजेपी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होने कहा कि वो हमेशा घर घर में दीए जलाने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दीयों में दो बातियां एक साथ जलाई जाती है। बीजेपी की डबल इंजन वाली सरकार भी उस दो बाती वाली दीए की तरह ही है। एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार और दूसरी तरफ राज्य की भाजपा सरकार डबल इंजन की ताकत बना देती है। उन्होने कहा कि एमपी में भी डबल इंजन की भाजपा सरकार का फायदा सभी ने देखा है।

उन्होने जनता से आह्वान किया कि आपको मध्य प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताना है। आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। पीएम ने कहा कि सबके सपने सभी साकार होंगे जब भारत माता विकसित होंगी। इसके लिए मध्य प्रदेश का विकसित होना बहुत आवश्यक है और बीजेपी इसके तेज विकास की गारंटी देती है। उन्होने कहा 17 नवंबर को पहले मतदान, फिर जलपान। आपको ही इन चुनावों का नेतृत्व करना है और मुझे आप सबपर पूरा भरोसा है। उन्होने कहा कि आपको हर बूथ में कमल खिलाना है और मध्य प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है।

[dgv_vimeo_video id=”884362462″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews