UP Police रिक्रूटमेंट एग्जाम के लिए जारी की गई गाइडलाइन, यहां जानें किन नियमों का करना होगा पालन

यदि आपने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2024 के लिए आवेदन किया है तो आपके लिए यह एक महत्वपूर्ण खबर है। दरअसल बोर्ड ने परीक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
UP Police रिक्रूटमेंट एग्जाम के लिए जारी की गई गाइडलाइन, यहां जानें किन नियमों का करना होगा पालन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2024 के लिए परीक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह परीक्षा 23 से 31 अगस्त 2024 के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें लाखों अभ्यर्थी भाग लेंगे। दरअसल यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें। निर्देशों की अनदेखी करने पर उम्मीदवार को गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

सिटी इंटिमेशन स्लिप

बता दें कि बोर्ड द्वारा सिटी इंटिमेशन स्लिप पहले ही जारी की जा चुकी है, जो उम्मीदवार को यह बताती है कि उसकी परीक्षा किस शहर में होगी। इसके बाद एडमिट कार्ड भी जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन दिशानिर्देशों का करना होगा पालन:

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र: उम्मीदवारों को अनिवार्य रूप से परीक्षा के दिन अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) साथ लाना होगा। इसके साथ ही, एक वैध फोटो पहचान पत्र जैसे कि आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि भी साथ में रखना आवश्यक है। बिना प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें: उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी जाती है। विशेषकर उन उम्मीदवारों के लिए जिन्होंने अपने आवेदन में आधार नंबर नहीं भरा है, उनका सत्यापन परीक्षा केंद्र पर ही किया जाएगा।

केंद्र के गेट समय से बंद होंगे: परीक्षा के प्रारंभ से 30 मिनट पहले केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे, और इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। अतः, सुनिश्चित करें कि आप समय पर पहुंचें और समय का विशेष ध्यान रखें।

तकनीकी व्यवस्था: परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कठोर तकनीकी उपाय लागू किए गए हैं। किसी भी उम्मीदवार को किसी और के स्थान पर परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करें: एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें। इसमें परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।

प्रतिबंधित सामान न ले जाएं: परीक्षा हॉल में कोई भी ऐसा सामान न ले जाएं जो प्रतिबंधित हो। इनमें इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, पेंसिल बॉक्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा, कोई भी लिखित सामग्री, कॉपी, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, स्केल, मोबाइल फोन, पेजर, ईयरफोन, हेल्थ बैंड, वॉलेट, पर्स, ज्वेलरी, सिगरेट, लाइटर, गुटखा, कैप, हैंडबैग, खाने का खुला या पैकेट बंद सामान, माचिस आदि भी प्रतिबंधित हैं।

सख्त कार्रवाई का प्रावधान: यदि किसी उम्मीदवार के पास जांच के दौरान ऐसा कोई सामान मिलता है, जिसे परीक्षा हॉल में ले जाना मना है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी रखें अपडेट:

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और समय-समय पर अपडेट्स चेक करते रहें। परीक्षा से संबंधित किसी भी अन्य सूचना के लिए वेबसाइट पर नजर बनाए रखना बेहद जरूरी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews