
आईबीपीएस पीओ मुख्य परीक्षा पर बड़ी अपडेट सामने आई है। इंस्टिट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल ने एडमिट कार्ड (IBPS PO Mains 2025) जारी कर दिया है। जिसे उम्मीदवार https://www.ibps.in/ पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र 12 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेंगे। रजिस्ट्रेशन के दौरान ईमेल पर प्राप्त पंजीकरण संख्या और पासवर्ड दर्ज करने की जरूरत पड़ेगी। कैंडीडेट्स इस बात का ख्याल भी रखें कि आवेदन पत्र में दी की जन्मतिथि ही दर्ज करें।
एडमिट कार्ड परीक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इसे बिना एग्जामिनेशन हॉल में एंट्री नहीं मिलती। इसमें उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर/रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, कैटेगरी, जेंडर, जन्मतिथि, परीक्षा का नाम, तिथि, समय, रिपोर्टिंग टाइम, एग्जाम सेंटर का नाम एवं पता, कोड और दिशानिर्देश जैसी जानकारी उपलब्ध होती है। बता दें कि परीक्षा केंद्र पर हॉल टिकट की डिजिटल कॉपी मान्य नहीं होगी।
ऐसे डाउनलोड करें
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएँ।
- होमपेज पर “CRP PO/MT-XV ऑनलाइन मेंस एग्जाम कॉल लेटर” के लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर नया पेज खुलेगा। यहाँ जरूरी जानकारी दर्ज करके Login ऑप्शन पर क्लिक करें।
- एडमिट कार्ड का पेज खुलेगा। सारी जानकारी सत्यापित करें। फिर इसे डाउनलोड करें।
- भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार इसका प्रिन्ट आउट निकाल कर जरूर रख लें।
आईबीपीएस पीओ मेंस शेड्यूल
आईबीपीएस पीओ मुख्य परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर को देशभर के विभिन्न शहरों में दो शिफ्टों में होगा। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 तक चलेगी। रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8 बजे होगा। वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे तक चलेगी। रिपोर्टिंग टाइम दोपहर 1 बजे होगा।
परीक्षा का पैटर्न
आईबीपीएस पीओ मुख्य परीक्षा में ऑब्जेक्टिव और डिस्क्रिप्टिव दोनों पेपर शामिल होंगे। ऑब्जेक्टिव पेपर कुल 200 अंक का होगा, जिसमें प्रश्नों की संख्या 145 होगी। इसका आयोजन ऑनलाइन मोड में किया जाएगा। तर्कशक्ति से संबंधित 40, सामान्य/अर्थव्यवस्था/बैंकिंग/डिजिटल/वित्तीय जागरूकता (आरबीआई परिपत्र) से संबंधित 35, अंग्रेजी भाषा से संबंधित 35 और डेटा विश्लेषण और विवेचन से संबंधित 35 प्रश्न पूछे जाएंगे।
परीक्षा इंग्लिश और हिंदी दोनों माध्यमों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक सेक्शन लिए निर्धारित समय होगा, जिसके भीतर उम्मीदवारों को पेपर जमा करना होगा। वहीं डिस्क्रिप्टिव पेपर (निबंध और कंप्रीहेंशन) में दो प्रश्न पूछे जाएंगे। अधिकतम अंक 25 होगा। इसका आयोजन इंग्लिश मध्यम में किया जाएगा। उम्मीदवारों को 30 मिनट का समय मिलेगा। कुछ प्रश्न दो तो कुछ एक अंक के होंगे। गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी होगा।
इतने पदों पर होगी भर्ती
इस साल आईबीपीएस ने प्रोबेशनरी ऑफिसर/मैनेजमेंट ट्रेनी पदों के लिए कुल 5208 पदों पर भर्ती निकाली है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति देशभर के 11 प्रतिभागी पब्लिक सेक्टर बैंकों में की जाएगी। कैंडीडेट्स का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा। प्रीलिम्स का आयोजन 17, 23 और 24 अगस्त को किया गया था। अब मुख्य परीक्षा कुछ दिनों में आयोजित होने वाली है। सेलेक्टेड उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल हो पाएंगे। अपडेट के लिए नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।

