कमलनाथ ने सीएम शिवराज को दिया जवाब, “आपकी साफगोई के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद”

MP Election 2023

MP Election 2023 : विधानसभा चुनाव में शिवराज और कमलनाथ के बीच जमकर बयान युद्ध जारी है, एक दूसरे पर जुबानी हमला करने में कोई किसी से कम नहीं है, आज सुबह मप्र के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और उनकी सरकारों पर तंज कसा था जिसका जवाब शाम होते होते कमलनाथ की तरफ से आ गया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया – शिवराज जी आपकी साफगोई के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।

सीएम शिवराज ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर कसा तंज 

पहले आपको बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने सुबह क्या कहा था, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता को मप्र की स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा था- एक समय ऐसा था जब मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था पिछड़ा राज्य कहा जाता था लेकिन आज हम समृद्ध और विकसित राज्यों की अगली पंक्ति में हम खड़े हैं, मप्र को अभी और आगे ले जाना है मैं इसके लिए शुभकामनायें देता हूँ। शिवराज ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर तंज कसा और जनता को सावधान किया, उन्होंने कहा – मेरा निवेदन है कि मप्र को ऐसे हाथों में ना सौंपें जो मप्र की तबाही और बर्बादी के जिम्मेदार थे जिन्होंने मप्र को अंधेरों, गड्ढो का प्रदेश बना दिया था भ्रष्टाचार और घोटालों का प्रदेश बना दिया था उनसे मप्र को बचाना है, मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान कर भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।

कमलनाथ ने ट्वीट किया – शिवराज जी आपकी साफगोई के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद

सुबह आये सीएम शिवराज के बयान के बाद शाम ढलते ढलते कमलनाथ ने भी जवाब दिया, कमलनाथ ने ट्वीट किया –  शिवराज जी आपकी साफगोई के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। यह बहुत अच्छी बात है कि आपने अपने अपराधों को पहचान लिया और खुद ही सत्ताच्युत करने के लिए जनता का आह्वान कर लिया। आपने कहा कि मध्य प्रदेश को ऐसे हाथों में न सौंपें जो मध्य प्रदेश की तबाही और बर्बादी के लिये जिम्मेदार थे, जिन्होंने मध्य प्रदेश को अंधेरों का गड्ढों का प्रदेश बना दिया था, भ्रष्टाचार और घोटालों का प्रदेश बना दिया था। यह सारे काम आपने किए हैं और जनता आपको कुर्सी से हटाने वाली है।

कमलनाथ ने गिनाये शिवराज सरकार के घोटाले 

आपकी पार्टी ने आपको पहले ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं बनाया है और जनता आपकी पार्टी को भी सत्ता से बाहर कर रही है। आपकी भावना का सम्मान करते हुए जनता ने तय कर लिया है कि व्यापम घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला, महाकाल लोक घोटाला, आरक्षक भर्ती घोटाला, आयुष्मान कार्ड घोटाला करने वालों को जनता इस बार सत्ता से बाहर कर देगी।

“अंधेरा फैलाने वाली आपकी सरकार को भी जनता हटाने वाली है”

जनता ने तय किया है कि 50% कमीशन करने वाली आपकी भ्रष्टाचारी सरकार को सत्ता से हटा देगी। अंधेरा फैलाने वाली आपकी सरकार को भी जनता हटाने वाली है क्योंकि कांग्रेस सरकार 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने वाली है। मध्य प्रदेश की जनता जान गई है: कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews