24 जनवरी 2024 IMD मौसम अपडेट : 48 घंटों के लिए उत्तर भारत में कोल्ड डे का अलर्ट, कई राज्यों में घने कोहरे की संभावना, पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र में कराएगा बारिश

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 24 January 2024 : दिल्ली का मौसम सर्द बना हुआ है आज बुधवार को तड़के दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में हलकी बारिश दर्ज की गई, मौसम विभाग ने अपडेट जारी करते हुए बताया है कि अभी उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा और 48 घंटों के दौरान कोल्ड डे की स्थिति बनेगी।

उत्तर भारत के अधिकांश राज्य इस समय तेज ठंड, कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं, इसी बीच दिल्ली एनसीआर में तो आज तड़के हलकी बारिश भी हुई जिसने सर्दी और बढ़ा दी, मौसम विभाग ने अपडेट जारी करते हुए कहा है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में देर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है अभी शीत लहर की स्थिति कम होने का कोई संकेत नहीं दिख रहा है।

आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर भारत में कोल्ड डे की स्थिति बनेगी और उसके बाद इसकी तीव्रता में कमी आयेगी, मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाके तेज ठंड की चपेट में रहेंगे।

27 जनवरी तक इन राज्यों में घने कोहरे की संभावना 

IMD ने मौसम अपडेट देते हुए बताया कि 27 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह कुछ घंटों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के पहाड़ी क्षेत्रों में 25 जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा।

दिल्ली एनसीआर घने कोहरे की चपेट में, तड़के हुई बारिश 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम का अपडेट देते हुए आईएमडी ने बताया कि दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों यानि एनसीआर में आज बुधवार तडके हलकी बारिश हुई, दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ यहाँ कराएगा बारिश 

मौसम विभाग ने कहा है कि दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 25 से 28 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश या फिर बर्फबारी होने की संभावना है। IMD ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मराठावाड़ा और आसपास के निचले स्तरों पर चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण अगले 2-3 दिनों के दौरान सिक्किम, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews