Lok Sabha Elections 2024 Results : रायबरेली से हारने के बाद भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह एक साल के अवकाश पर गए, बोले अब राहुल गांधी निभाएं जिम्मेदारी

रायबरेली के भाजपा कार्यकर्ताओं और अपने शुभचिंतकों का दायित्व मेरे कन्धों पर होगा वो राहुल गांधी की तरफ देखेंगे भी नहीं लेकिन जिन लोगों ने राहुल गांधी को वोट दिया है मैं उम्मीद करता हूँ कि राहुल गांधी उनकी सेवा का उत्तरदायित्व निभाएंगे।  
Dinesh Pratap Singh Rahul Gandhi

Lok Sabha Elections 2024 Results : चुनाव में एक प्रत्याशी जीतता है और एक हारता है, लेकिन क्या आपने सुना है कि हारने के बाद कोई छुट्टी पर जाता है वो भी एक साल के लिए? नहीं सुना तो हम बताते हैं, ऐसा रायबरेली सीट से चुनाव हारने वाले भाजपा के प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर ये घोषणा की है और कहा है कि रायबरेली की जनता की जो जिम्मेदारी वे अब तक उठाते आये हैं उसे अब राहुल गांधी उठायें।

देश की जनता ने NDA को दिया मेंडेट, BJP को यूपी में दिया झटका 

लोकसभा चुनावों का परिणाम आ चुका है, जनता ने भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को सरकार बनाने का मेंडेट दिया है लेकिन उत्तर प्रदेश में भाजपा को तगड़ा झटका भी दिया है। अयोध्या जैसी चर्चित सीट सहित अमेठी, रायबरेली सीट जीतकर कांग्रेस ने ये बता दिया उत्तर प्रदेश की जनता अभी भी उनके साथ है, भाजपा भले ही कितना भव्य राम मंदिर बनवा दे जनता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। 

वायनाड और अमेठी दोनों जगह से जीते हैं राहुल गांधी 

राहुल गांधी दो सीट से चुनाव लड़े और जीते, राहुल ने वायनाड से 3 लाख 64 हजार वोटों से जीत दर्ज की और रायबरेली से वे 3 लाख 90 हजार वोट से जीते, अब रायबरेली सीट से चुनाव हारने वाले दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी से कुछ उम्मीदें की हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम अयोध्या की सीट सहित यूपी में क्यों हारे ये मेरे लिए और पार्टी के लिए गंभीर चिंतन का विषय है।

भाजपा को हुए नुकसान की भरपाई करने में कामयाब होंगे

उन्होंने कहा कि हम भगवान राम मंदिर के भव्य मंदिर 500 वर्षों के बाद बनवाते है बड़े बड़े एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन बनाते हैं विकास करते हैं लेकिन फिर भी हार जाते हैं ये चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जो भ्रम पैदा किया गया है उसे जल्दी से दूर कर जो नुकसान भाजपा को हुआ है उसकी भरपाई करने में कामयाब होंगे और भाजपा के पक्ष में एक अच्छा वातावरण बनाने में हम सफल होंगे।

जो जिम्मेदारी मैं निभाता आया वो जिम्मेदारी अब राहुल गांधी उठायें  

दिनेश सिंह ने कहा मैं राहुल गांधी को शुभकामनायें देता हूँ, अच्छा काम करें, रायबरेली की जनता की अच्छी सेवा करें, जनता के आशानुरूप काम करें, हर शनिवार रविवार बैठें, लोगों की समस्याओं का निदान करें, रायबरेली की बेटियों की शादियों में आशीर्वाद देने पहुंचें, बुजुर्ग के न रहने पर कन्धा दें, गंगा घाट पर जाएँ, जो दिनेश सिंह करते आये हैं उन दायित्वों का निर्वहन राहुल गांधी करें, वो ऐसा करेंगे तो मैं उन्हें सकारात्मक सहयोग दूंगा।

मैं रायबरेली की जनता से एक साल का अवकाश चाहता हूँ

दिनेश सिंह ने कहा इस सबके साथ मैं रायबरेली देवतुल्य जनता से एक आग्रह करता हूँ कि 2019 से 2024 के बीच मेहनत और परिश्रम अधिक करने के कारण मेरे पारिवारिक दायित्व पीछे छूट गए हैं इसलिए मैं रायबरेली की जनता से एक साल का अवकाश चाहता हूँ। जैसे मैं शनिवार रविवार को जो काम करता आया हूँ अब राहुल गांधी करेंगे, एक साल बाद मैं फिर आपके बीच लौटूंगा और फिर से सभी दायित्व निभाऊंगा, शनिवार, रविवार बैठूँगा, तब तक ये जिम्मेदारी मैं राहुल गांधी को देता हूँ।

जिन लोगों ने राहुल गांधी को वोट दिया राहुल उनकी सेवा करें 

दिनेश सिंह ने कहा कि रायबरेली के 3 लाख लोगों की जिम्मेदारी मेरे कन्धों पर है रायबरेली के भाजपा कार्यकर्ताओं और अपने शुभचिंतकों का दायित्व मेरे कन्धों पर होगा वो राहुल गांधी की तरफ देखेंगे भी नहीं लेकिन जिन लोगों ने राहुल गांधी को वोट दिया है मैं उम्मीद करता हूँ कि राहुल गांधी उनकी सेवा का उत्तरदायित्व निभाएंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews