Modi government 3.0: NDA की बैठक में प्रधानमंत्री के लिए नरेंद्र मोदी का नाम सर्वसम्मति से स्वीकृत, अमित शाह बोले- ये 140 करोड़ देशवासियों के मन का प्रतिघोष

नीतीश कुमार ने कहा - इस बार हमने देखा कि कुछ इधर उधर जीत गए लेकिन अगली बार जब आप आइयेगा तो ये सब साफ हो जायेंगे, इन लोगों ने इधर उधर की बात करके जो कुछ किया अगली बार सब हारेगा
PM Modi NDA Meeting

Modi government 3.0: नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, NDA संसदीय दल की बैठक में इसका प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित हुआ जिसे सभी घटक दलों ने ध्वनिमत से स्वीकृत कर लिया, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जैसे ही उद्घोषणा की कि मैं भाजपा के संसदीय दल के नेता, NDA के संसदीय दल के नेता और लोकसभा के नेता के रूप में नरेंद्र मोदी का नाम का प्रस्ताव रखता हूँ, वैसे ही पूरा सेन्ट्रल हॉल मोदी मोदी के नारों से गूंज उठा ।

NDA के घटक दल बोले हमारा विश्वास आपके साथ 

मोदी के नाम के प्रस्ताव पर भाजपा के सभी बड़े नेताओं और NDA के घटक दलों के नेताओं ने मुहर लगाई और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा, प्रस्ताव का अनुमोदन नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, एक नाथ शिंदे , अजीत पवार सहित सभी घटक दलों के नेताओं ने किया और प्रधानमंत्री के 10 सालों के काम की तारीफ की और कहा कि देश की जनता और हमारा विश्वास आपके साथ है।

अमित शाह ने कहा ये 140 करोड़ लोगों के मन का प्रतिघोष है 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ये प्रस्ताव सिर्फ यहाँ बैठे  हम कुछ लोगों और NDA के घटक दलों के सदस्यों की सर्व सम्मत इच्छा ही नहीं बल्कि ये देश के 140 करोड़ लोगों के मन का प्रतिघोष है । केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मोदी जी के साथ 10 साल मुझे काम करने का मुझे सौभाग्य मिला, हमारा देश सुखी हो, समृद्ध हो, संपन्न हो, विश्व की महाशक्ति बने और समाज के सभी वर्गों का विकास हो इसके लिए उन्होंने कटिबद्ध होकर समर्पित भाव से काम किया है। मुझे विश्वास है कि मोदी जी ने सिर्फ देश को ही नहीं पूरे विश्व को अपने कार्य से प्रभावित किया, 10 साल में जो काम हुआ ये शुरुआत है आने वाले 5 साल में हम विश्व की महान ताकत बनेंगे ऐसा हम सबको विश्वास है।

सही समय पर सही नेता मिला है उसका नाम है नरेंद्र मोदी: चंद्रबाबू नायडू 

TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आज भारत को सही समय पर सही नेता मिला है उसका नाम है नरेंद्र मोदी, ये भारत के लिए बहुत अच्छा अवसर है यदि ये चूक जाता तो हमेशा के लिए चूक जाते, मैं बहुत गर्व के साथ नरेंद्र मोदी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित करता हूँ।

नीतीश बोले 10 साल में बहुत कुछ किया जो कुछ बचा अब पूरा कर लेंगे 

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी JDU नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देती है 10 साल से ये पीएम हैं फिर होने जा रहे हैं, इन्होंने पूरे देश की सेवा की है और मुझे पूरा भरोसा है कि जो कुछ बचा है उसे अब पूरा कर देंगे, नीतीश कुमार बोले हम हर समय इनके साथ हैं जिस तरह से आगे करेंगे हमें विश्ववास हैअच्छा करेंगे।

नीतीश कुमार ने मोदी को दे दी चौथे टर्म की शुभकामनायें 

नीतीश कुमार ने अपने अंदाज में कहा – इस बार हमने देखा कि कुछ इधर उधर जीत गए लेकिन अगली बार जब आप आइयेगा तो ये सब साफ हो जायेंगे, इन लोगों ने इधर उधर की बात करके जो कुछ किया अगली बार सब हारेगा, ये लोग बिना मतलब की बात बोल बोल कर कोई काम नहीं किया आपने इतनी सेवा की है देश की तब ये हुआ है, आपको जो ये मौका मिला है देखना आगे उनके लिए कोई मौका नहीं रहेगा।

चिराग बोले करोड़ों लोगों को अंधकार से निकालने की एक मात्र उम्मीद आप हैं

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा कि विपक्ष ने झूठे नेरेटिव फैलाये जनता को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन ऐसे लोगों को देश की जनता ने नकारा है और पीएम मोदी को स्वीकार है।  LJP (रामविलास पासवान) के नेता चिराग पासवान बोले- मेरे पिता रामविलास पासवान ने सपना देखा था और कहा था   कि मैं उस घर में दिया जलने चला हूँ जिस घर में सदियों से अँधेरा है, मुझे लगता है उनके इस सपने को और करोड़ों लोगों को अंधकार से निकालने की एक मात्र उम्मीद आप हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews