संसद में आज से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा, लोकसभा में 18 घंटे चलेगी बहस, 4 फरवरी को पीएम मोदी देंगे जवाब

संसद के बजट सत्र में आज से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा शुरू होगी। लोकसभा में इस बहस के लिए 18 घंटे का समय तय किया गया है, जो 2 से 4 फरवरी तक चलने की संभावना है। बहस का समापन 4 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर भाषण से हो सकता है। यह चर्चा बजट सत्र का अहम हिस्सा मानी जा रही है जिसमें सरकार की नीतियों और विपक्ष की आपत्तियों पर व्यापक विमर्श होगा।
Parliament Budget Session

Parliament Budget Session

संसद में आज से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी। लोकसभा में चर्चा दोपहर 12 बजे से और राज्यसभा में दोपहर 2 बजे से चर्चा शुरु होगी। लोकसभा में चर्चा के लिए 18 घंटे का समय दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बहस का समापन करते हुए 4 फरवरी को लोकसभा में अपना जवाब दे सकते हैं।

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से आरंभ हुआ था, जिसकी शुरुआत राष्ट्रपति के संयुक्त अभिभाषण से हुई। इस अभिभाषण में ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना, आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय और भारत की वैश्विक भूमिका जैसे विषयों पर जोर दिया गया था। इसके बाद 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2026-27 पेश किया। ये बजट सत्र 2 अप्रैल तक चलेगा और इसे दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहला चरण 13 फरवरी तक और दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।

संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा

बजट सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद के संयुक्त सत्र में दिए गए अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में आज से चर्चा शुरू होगी। लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे आरंभ होगी, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा दोपहर 12 बजे से शुरू की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल इस चर्चा की शुरुआत करेंगे और पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। लोकसभा में इस चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया है जो सामान्यतः 2, 3 और 4 फरवरी तक चलेगी।

पीएम मोदी चार फरवरी को दे सकते हैं जवाब

इस बहस का समापन पीएम नरेंद्र मोदी के उत्तर भाषण से होगा। कार्यसूची के अनुसार प्रधानमंत्री 4 फरवरी को लोकसभा में सरकार की ओर से जवाब देंगे। उनके भाषण में विपक्ष द्वारा उठाए गए आरोपों का जवाब देने के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों और नीतिगत प्राथमिकताओं को रेखांकित किए जाने की संभावना है। विपक्ष की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित कर सकते हैं। विपक्ष इस बहस के दौरान बजट, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की स्थिति और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews