तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर पलटवार: ‘हमारे संस्कार में माँ को गाली नहीं, 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड और सोनिया गांधी को अपशब्द किसने कहे’

आरजेडी नेता ने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री विदेश में ठहाके लगा रहे थे और भारत लौटते ही उनको रोना आ गया। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी के अलग-अलग नेता महिलाओं पर अभद्र बयानबाज़ी करते रहे, तब वे कहां थे। बिहार बंद को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी की चोरी पकड़ी गई है इसीलिए वो डरे हुए और बेचैन हैं।
Tejashwi Yadav

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी द्वारा उनकी माँ को कहे गए अपशब्दों पर पीड़ा व्यक्त करने के बाद उन्हें सवालों के घेरे में लिया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि किसी की भी माँ को अपशब्द बोलने के हम न तो पक्षधर हैं न ही ये हमारे संस्कार हैं..लेकिन प्रधानमंत्री जी बताएं कि जब उन्होंने पचास करोड़ की गर्लफ्रेंड जैसी टिप्पणी की और जब सोनिया गांधी जी को लेकर अभद्र बातें कही तब ये मर्यादा की बातें कहां थीं।

बीजेपी द्वारा चार सितंबर को बिहार बंद के आह्वान पर उन्होंने कहा कि अब वो लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी की वोटर बचाओ यात्रा को हर धर्म, जाति, वर्ग के लोगों अपार समर्थन मिला है और उसे देखकर वो बीजेपी बेचैन है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की चोरी पकड़ी गई है और अब वो सिर्फ निरर्थक आरोप लगा रही है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माँ के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। एक दिन पहले पीएम मोदी ने दिल्ली में कहा कि ‘आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं। यह सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं, बल्कि देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान है।’ उन्होंने कहा कि विपक्ष को छठी मैया और सात बहिनी से माफी मांगनी चाहिए।

तेजस्वी यादव का पलटवार

इसके जवाब में अब आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि किसी की भी माँ को अपशब्द नहीं बोलना चाहिए। हम लोग इसके पक्षधर नहीं हैं न ही हमारे संस्कार में ये है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘सबकी माँ सबकी माँ होती है। लेकिन सवाल ये उठता है कि बेंगलुरु में कई लड़कियों का रेप करने वाले रेवन्ना के प्रचार में प्रधानमंत्री मोदी जी जाते हैं। पचास करोड़ की गर्लफ्रेंड बोलने वाले मोदी जी हैं। सोनिया गांधी जी को इतनी भद्दी भद्दी गालियां दी हैं। नीतीश कुमार जी के डीएनए पर सवाल उठाए हैं। मुझे बीजेपी विधायक ने सदन में माँ-बहन की गालियां दी हैं। बीजेपी प्रवक्ताओं ने की बार महिलाओं का अपमान किया है ऑन कैमरा लाइव। जो व्यक्ति हमारी प्रवक्ता सारिका पासवान के लिए अभद्र बात कर रहा था उसे बीजेपी पार्टी जॉइन कराती है सम्मानित करती है। तब प्रधानमंत्री जी कहां थे। बताना चाहिए उनको।’

कहा ‘बीजेपी डरी हुई है’ 

तेजस्वी यादव ने कहा कि देश की जनता बिहार की जनता सबकुछ जानती है समझती है। उन्होंने कहा कि ‘दिखावटी मिलावटी राजनीति से काम नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री जी अब तक तो विदेश में थे। कितने दिन हो गए ये बात हुए। अब भारत आए हैं तो उनको रोना है और विदेश में ठहाके लगा रहे थे।’ वहीं बीजेपी द्वारा चार सितंबर को बिहार बंद के आह्वान पर उन्होंने कहा कि सरकार के लोग बिहार बंद करा रहे हैं क्योंकि बीजेपी डरी हुई है। वोटर अधिकार यात्रा में जो अपार जनसमर्थन मिला है और इनकी चोरी पकड़ी गई है तो ये बेचैन और डरे हुए हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews