पंजाब: 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों के DA में 3% की बढ़ोतरी, बढ़कर हुआ 53%, नवंबर से मिलेगा लाभ

Punjab DA Hike: 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली गिफ्ट, पंजाब सरकार ने 3% बढ़ाया महंगाई भत्ता, 50% से बढ़कर 53% हुआ महंगाई भत्ता, 3988 करोड़ रुपये खातों में होंगे ट्रांसफर
pension

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को भी दिवाली का तोहफा मिल गया है। राज्य की भगवंत मान सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी का एलान किया है। इस वृद्धि के बाद कर्मचारियों पेंशनरों का महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है।

नई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होगी, ऐसे में बढ़े हुए डीए का लाभ नवंबर की सैलरी और पेंशन के साथ जुड़कर दिसंबर में मिलेगा। इससे करीब आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को लाभ मिलेगा। इससे कुल कर्मचारियों को सालाना करीब 3988 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कर्मचारी हमारी सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं और हम उनकी भलाई, हकों और बेहतरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।उन्होंने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिवाली की बहुत-बहुत बधाई दी।

बता दें कि मान सरकार ने पिछले दो महीनों में महंगाई भत्ते में कुल 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इससे पहले सितंबर में 8 प्रतिशत डीए बढ़ाया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2022 में सत्ता संभालने के समय कर्मचारियों को 28 प्रतिशत डीए मिल रहा था, जो अब 53 प्रतिशत पहुंच गया है। इस तरह मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कुल 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे मौजूदा वित्त वर्ष में कर्मचारियों और पेंशनरों को 1813 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।

बकाए का भी होगा भुगतान

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 2022 में पदभार संभालने के समय 14,191 करोड़ रुपये की बड़ी देनदारी लंबित थी। छठे पंजाब वेतन आयोग की सिफारिशें पहली जनवरी 2016 से लागू होनी थीं लेकिन जुलाई 2021 में लागू की गईं। पहली जनवरी 2016 से 30 जून 2021 तक कर्मचारियों और पेंशनरों के 14191 करोड़ रुपये के बकाए की राशि देने की योजना बनाई गई। पेंशनरों के बकाए पहली अप्रैल 2025 और सेवारत कर्मचारियों के बकाए पहली अप्रैल 2026 से जारी करने शुरू किए गए। अब तक 4,891 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, शेष करीब 9,300 करोड़ रुपये भी अदा किए जाएंगे।

अबतक इन राज्यों में बढ़ चुका है महंगाई भत्ता

बता दें कि केन्द्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के बाद अब राज्य सरकारों ने भी डीए/डीआर की दरों में संशोधन करना शुरू कर दिया है। अबतक गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु सरकार ने अपने-अपने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में वृद्धि कर दी है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews