राहुल गांधी ने मोची की दुकान पर रोकी गाड़ी, राम चैत से पूछी उनकी समस्याएँ, चप्पल में की सिलाई

सुल्तानपुर से लखनऊ लौटते हुए विपक्ष के नेता अचानक इस दुकान पर ठहर गए। उन्होंने राम चैत से उनके कामकाज को लेकर बात की और चप्पल जूतों में कैसे टाँके लगते हैं, सिलाई की जाती है..ये भी सीखा। इस दौरान उन्हें देखकर आसपास काफी भीड़ भी जमा हो गई। राहुल मानहानि मामले में अपना बयान देने पहुँचे थे।
राहुल गांधी ने मोची की दुकान पर रोकी गाड़ी, राम चैत से पूछी उनकी समस्याएँ, चप्पल में की सिलाई

राहुल गांधी आज अमित शाह के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मानहानि केस में सुल्तानपुर पहुँचे। पेशी के बाद जब वे अपने क़ाफ़िले के साथ निकले तो रास्ते में अपनी गाड़ी एक मोची की दुकान के सामने रुकवा दी। राहुल ने राम चैत से उसके हाल-चाल पूछे और उनके साथ बैठकर चप्पल की सिलाई भी की।

राम चैत की दुकान पर रूके राहुल गांधी, देर तक की बात

सुल्तानपुर से लखनऊ के रास्ते पर राहुल गांधी को राम चैत की दुकान दिखी और गाड़ी रोककर उन्होंने मोची का काम करने वाले परिवार से बात की। उन्होंने लगभग आधा घंटे तक उनकी समस्याओं को सुना और कामकाज के दौरान आने वाली दिक़्क़तों के बारे में भी पूछा। इस वाक़ये को लेकर एएनआई से बात करते हुए राम चैत ने बताया कि वो 40 साल से ये काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘हमने उनसे बोला है कि मैं पूंजी से कमजोर हूं, गरीब हूं हमारी थोड़ी मदद कीजिए। मैंने उन्हें जूतों की सिलाई करके दिखाया।’ इसी के साथ उन्होंने बताया कि राहुल ने उनसे पूछकर एक चप्पल में सिलाई का टाँका भी लगाया।

कांग्रेस ने कहा ‘मेहनतकश लोगों के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे’

इसे लेकर कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है कि ‘नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी ने रास्ते में गाड़ी रुकवाकर मोची का काम करने वाले परिवार से मुलाकात की। हम इन मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए लगातार लड़ रहे हैं, सड़क से संसद तक इनकी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इनका वर्तमान सुरक्षित और भविष्य खुशहाल बनाना ही हमारा लक्ष्य है।’ जब राहुल गांधी राम चैत की दुकान पर रूके तो वहाँ सैकड़ों की तादाद में लोग इकट्ठा हो गए। इतने बड़े नेता को इस तरह आम आदमी की तरह मोची की दुकान पर देखना हमारे यहाँ दुर्लभ दृश्य है। इस मुलाक़ात के बाद ऐसे ही कई लोगों की उम्मीद बंध गई है कि जिस तरह उन्होंने राम चैत का हाल-चाल पूछा है, वो उनके जैसे और कई लोगों की बेहतरी के लिए ज़रूर आवाज़ उठाएँगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews