Rajya Sabha Elections: मीनाक्षी नटराजन मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई, आज नामांकन वापसी का अंतिम दिन

बुधवार को चुनाव आयोग पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने करीब 35 मिनट तक बातचीत की, इनमें केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, मीनाक्षी नटराजन, अभिषेक मनु सिंघवी और विवेक तन्खा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे हालाँकि चुनाव आयोग ने मामले में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है, लेकिन उसके पहले कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है।   
Meenakshi Natarajan case hearing in Supreme Court on Friday

Meenakshi Natarajan case hearing in Supreme Court on Friday

Rajya Sabha Elections: मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निरस्त किये जाने के बाद से कांग्रेस आक्रोशित है, भोपाल से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस नेता विरोध जता रहे हैं, राज्य निवार्चन आयोग और भारत निर्वाचन आयोग तक में अर्जी दी लेकिन जब वहां राहत नहीं मिली तो कांग्रेस ने आज सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस की दलील सुनने के बाद इस मामले पर कल शुक्रवार को सुनवाई करने का निर्णय लिया है लेकिन खास बात ये है कि राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया के अनुसार नाम वापसी का आज अंतिम दिन है।

मध्य प्रदेश से उठा सियासी तूफ़ान थम नहीं रहा है, भाजपा की आपत्ति के बाद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म निरस्त हो जाने के बाद से कांग्रेस की दावेदारी ही खत्म हो गई और मध्य प्रदेश की तीनों सीटें भाजपा के खाते में जाती दिखाई दे रही हैं लेकिन कांग्रेस भी मोर्चे पर डटी हुई है मामला राज्यसभा से जुड़ा होने के कारण कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व भी मैदान में आ गया है।

वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के वकील अभिषेक मनु सिंघवी, विवेक तन्खा, महासचिव जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल आदि नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मीनाक्षी नटराजन के साथ कल बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग जाकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की थी और जिस कोर्ट केस को आधार बनाकर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया उसे अनुचित बताया, कांग्रेस ने कहा सिर्फ कोर्ट का समन है उस मामले में कोई पुलिस एफआईआर नहीं हुई, कोई कन्विक्शन नहीं हुआ, कोर्ट ने मामले का संज्ञान ही नहीं लिया तो फिर इसकी जानकारी नहीं देना नियम विरुद्ध कैसे हो गया।

मीनाक्षी मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंची कांग्रेस 

चुनाव आयोग का देर रात तक कोई फैसला नहीं आया खबर है कि आयोग इस मामले में कानून विशेषज्ञों की राय ले रहा है और आज अपना फैसला दे सकता है, लेकिन भाजपा पर षड्यंत्रपूर्वक नामांकन निरस्त करवाने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग में पदस्थ रिटर्निंग ऑफिसर पर भी पक्षपात करने और भाजपा का साथ देने का आरोप लगा रही है पार्टी अब कोई रिस्क नहीं लेना चाहती इसलिये पार्टी इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई।

शुक्रवार को SC में होगी मीनाक्षी मामले की सुनवाई  

वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने जस्टिस पीके मिश्रा और जस्टिस अतुल एस चंदुरकर की पीठ के सामने याचिका रखते हुए इसे तत्काल सुनवाई करने योग्य बताया और इसमें शीघ्र सुनवाई करने अथवा अंतरिम आदेश देने की मांग की, अदालत ने सिंघवी की दलील सुनने के बाद मामले को कल शुक्रवार को सूचीबद्ध कर दिया यानि मीनाक्षी नटराजन मामले में सुप्रीम कोर्ट कल शुक्रवार को सुनवाई करेगा।

नाम वापसी का आज अंतिम दिन

यहाँ बता दें चुनाव आयोग द्वारा घोषित राज्यसभा चुनावों की प्रक्रिया के तहत आज गुरुवार 11 जून राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम वापसी का अंतिम दिन है। मध्य प्रदेश के सियासी उठापटक से ये मामला उलझ गया है। अब सबकी निगाहें चुनाव आयोग के फैसले के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर भी टिक गई हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews