‘फेल मार्शल और नाकाम देश’, प्रियंका चतुर्वेदी पाकिस्तानी सेना प्रमुख की परमाणु धमकियों पर बरसीं

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार और बीसीसीआई के पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच आयोजित करने के फैसले पर भी चतुर्वेदी ने सवाल उठाए।
Priyanka Chaturvedi

शिव सेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने रविवार को पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर की कड़ी आलोचना की। उन्होंने मुनीर को नाकाम मार्शल करार देते हुए कहा कि अमेरिका की धरती से भारत के खिलाफ उनकी परमाणु हथियारों की कायराना धमकियां चिंताजनक हैं। चतुर्वेदी ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) से हस्तक्षेप करने और पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर नियंत्रण लेने की मांग की, क्योंकि ये एक उन्मादी व्यक्ति के हाथों में हैं।

प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत-अमेरिका के मजबूत रणनीतिक संबंधों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि अमेरिका की धरती से भारत के खिलाफ दी गई धमकियां कैसे स्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा, “हमारा अमेरिका के साथ मजबूत रणनीतिक और आर्थिक सहयोग है। फिर अमेरिका की जमीन से भारत के खिलाफ ऐसी धमकियां देना कैसे उचित है?” उन्होंने इस मुद्दे पर अमेरिका से स्पष्टीकरण मांगा।

क्रिकेट मैच सवाल

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार और बीसीसीआई के पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच आयोजित करने के फैसले पर भी चतुर्वेदी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जब आसिम मुनीर हमें परमाणु युद्ध की धमकी दे रहे हैं, तब हम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने की बात कर रहे हैं। पहलगाम हमले में हमारे नागरिकों और ऑपरेशन सिंदूर में शहीद सैनिकों के खून के बाद भी यह क्रिकेट मैच कैसे उचित है?”

आसिम मुनीर की क्या धमकी

रिपोर्ट के अनुसार, आसिम मुनीर ने टाम्पा में एक निजी रात्रिभोज के दौरान कहा कि यदि भारत के साथ भविष्य में युद्ध में पाकिस्तान को अस्तित्व का खतरा हुआ, तो वह परमाणु युद्ध शुरू कर देगा। उन्होंने कहा, “हम एक परमाणु शक्ति हैं। अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे।”

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews