वंदे मातरम् पर कांग्रेस के फैसले को BJP ने बताया देशविरोधी, अमित शाह बोले ये तुष्टिकरण की राजनीति, जनता से की ये अपील

अमित शाह ने कहा मुझे आश्चर्य है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी फिर एक बार तुष्टिकरण की राजनीति को पुरजोर तरीके से आगे बढ़ा रही है।
Amit Shah

Amit Shah

वंदे मातरम् पर जारी वाद विवाद के बीच कांग्रेस ने उसके अब तक गाये जा रहे केवल दो छंद ही गाने का फैसला लिया है, CWC की कल गुरुवार को हुई बैठक के इस फैसले पर भाजपा ने पलटवार किया है, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के बाद अब गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है, गृह मंत्री ने कहा कल कांग्रेस पार्टी की कार्यसमिति ने एक आश्चर्यजनक और देशविरोधी फैसला लिया है। उन्होंने अपनी पार्टी के 1937 के संकल्प (Resolution) को फॉलो करते हुए महान वंदे मातरम् गीत के दो ही छंद गाने का फैसला लिया है।

उन्होंने न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा-  मैं पूरे देश को याद दिलाना चाहता हूं कि 1937 में कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदे मातरम् के दो टुकड़े कर देश के विभाजन की नींव डाली थी और वहीं से दो-राष्ट्र सिद्धांत (Two-nation theory) को ताकत मिली थी और इसी के चलते देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान का जन्म हुआ।

कांग्रेस ने ये फैसला कर वंदेमातरम का अपमान किया है 

आज जब उस ऐतिहासिक गलती को वंदे मातरम् गीत के प्राकट्य के 150वें साल में सुधार कर बंकिम बाबू की इस अमर कृति को पूरा गीत गाकर राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है और सभी सरकारी कार्यक्रमों में इसे पूरा गाने का निर्णय किया गया है और इस निर्णय को कानूनी जामा भी पहनाया गया है। इसी की अवहेलना करने का निर्णय कांग्रेस ने कल किया है।

कांग्रेस का निर्णय बंकिम बाबू और शहीदों का अपमान 

अमित शाह ने कहा कांग्रेस का यह निर्णय केवल और केवल इनकी घोर तुष्टिकरण की नीति की पुष्टि करता है। वोट बैंक के लिए इन्होंने न सिर्फ बंकिम बाबू की इस अमर कृति का अपमान किया, बल्कि उन लाखों शहीदों का भी अपमान किया, जो वंदे मातरम् का नारा लगाते हुए देश की आजादी के लिए फांसी पर चढ़ गए। आज कांग्रेस पार्टी 1937 के अपनी पार्टी के Resolution को मान रही है और पार्लियामेंट के एक्ट को नकार रही है।

अमित शाह ने जनता से कांग्रेस के फैसले का विरोध करने की अपील की 

मैं देश की जनता को अपील करना चाहता हूँ कि वंदे मातरम् के दो टुकड़े होने देने की गलती एक बार देश कर चुका है जिसके गंभीर परिणाम भी भुगत चुका है इसलिए अब जनता एकजुट होकर कांग्रेस के फैसले पर आवाज बुलंद करे कि अब इस देश में तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी, भाजपा कांग्रेस के इस फैसले की कड़ी निंदा करती है हम जनता के बीच जाकर और विधायी सदनों में इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews