UP Police Constable Recruitment : योगी सरकार का बड़ा फैसला, पुलिस भर्ती परीक्षा 2023 रद्द, विपक्ष बोला- ये छात्र एकता-युवाओं की जीत

CM Yogi Adityanath

UP Police Constable Recruitment Exam 2023 : पेपर लीक की खबरों और छात्रों के विरोध के बाद योगी सरकार ने आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 को रद्द कर दिया, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले 6 महीने में एक बार फिर परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने कहा है कि परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता , उधर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इसे छात्र एकता और युवाओं की ताकत की बड़ी जीत बताया है।

17 और 18 फरवरी को आयोजित की गई थी यूपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023

17 और 18 फरवरी को आयोजित की गई यूपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 परीक्षा वाले दिन से पहले ही विवादों में घिर गई थी जब पुलिस ने सोल्वर गैंग के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया था, उसके बाद परीक्षा वाले दिन पेपर पेपर लीक होने, सोशल मीडिया पर व्हाट्स एप पर क्वेश्चन पेपर आने की ख़बरों ने हडकंप मचा दिया, हालाँकि परीक्षा संचालित करने वाले बोर्ड ने  पेपर लीक होने की ख़बरों को सिरे से नकार दिया।

पेपर लीक की खबरों के बाद भड़के छात्र , किया विरोध प्रदर्शन 

सरकार द्वारा परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इंकार करने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई सोर्सेस ने दावा किया कि सरकार झूठ बोल रही है, सरकार के दावों के बाद छात्र भी भड़क गए और उत्तर प्रदेश के अलग आलग शहरों में उन्होंने आंदोलन प्रदर्शन शुरू कर दिया, विपक्ष भी छात्रों के समर्थन में सरकार पर हमलावर हो गई।

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं 

छात्रों के प्रदर्शन और विरोध को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया और आज पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया, योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया X पर लिखा- यूपी पुलिस आरक्षक नागरिक पुलिस के पदों पर चयन के लिए आयोजित परीक्षा-2023 को निरस्त करने तथा आगामी 06 माह के भीतर ही पुन: परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं। परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी तय है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews