Lokayukta Action : रायसेन में पटवारी 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Lokayukta Action : रायसेन में पटवारी 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Lokayukta Action Bhopal : लोकायुक्त पुलिस की टीम ने आज खरगोन में एक पटवारी द्वारा कमाई गई करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया वहीं रायसेन में एक पटवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार पटवारी राम नारायण सक्सेना ने फरियादी से उसकी जमीन का सीमांकन करने के बदले 25 हजार की रिश्वत की मांग की थी।

जमीन का सीमांकन करने के बदले पटवारी ने मांगी रिश्वत 

लोकायुक्त पुलिस भोपाल से मिली जानकारी के मुताबिक आवेदक राघवेन्द्र सिंह धाकड़ निवासी बाग पिपरिया गांव तहसील बरेली जिला रायसेन ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल को 24 अप्रैल 2023 को लिखित शिकायत की थी जिसमें उसने बताया कि उसने बेची गई 9 डेसिमल जमीन के बटान के सुधार के लिए बरेली तहसील में आवेदन दिया था। इस काम के लिए हल्का पटवारी रामनारायण सक्सेना उससे 7000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। यही नहीं सीमांकन सहित पूरे काम के लिए पटवारी ने कुल 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

पटवारी ने मांगी 25 हजार रुपये की रिश्वत 

आवेदक की शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस की टीम ने इसका सत्यापन कराया तो शिकायत सही पाई गई, पटवारी जमीन का सीमांकन करने सहित पूरे काम के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत सही मिलने के बाद लोकायुक्त ने पटवारी को ट्रेप करने की प्लानिंग की।

लोकायुक्त पुलिस की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार 

पटवारी राम नारायण सक्सेना और आवेदक राघवेन्द्र सिंह धाकड़ के बीच फोन पर बात हुई जिस आधार पर पटवारी ने उसे एक निश्चित समय पर तहसील कार्यालय बुलाया, समय तय होने के बाद लोकायुक्त पुलिस भोपाल की टीम जिला रायसेन की तहसील बरेली पहुँच गई, वहां आवेदक राघवेन्द्र सिंह धाकड़ हल्का नंबर 54 के पटवारी रामनारायण सक्सेना के पास 15 हजार रुपये लेकर पहुंचा और उसने जैसे ही रिश्वत की राशि 15,000 रुपये दी पहले से तैयार लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त पुलिस की टीम ने पटवारी राम नारायण सक्सेना के हाथ धुलवाए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया , जिसके आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews