एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दिलाया पहला Gold, फ़ाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराया, सीएम डॉ मोहन यादव ने दी बधाई

भारत की इस जीत के साथ ही एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट स्पर्धा समाप्त हो गई, इसमें भारत ने गोल्ड, श्रीलंका ने सिल्वर और पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
Asian Games Indian womens cricket team won gold

Asian Games Indian womens cricket team won gold

एशियन गेम्स में Gold की प्रतीक्षा कर रहे 140 देशवासियों को भारत की बेटियों ने आज खुशखबरी दे दी , उन्होंने भारत की पदक तालिका में गोल्ड मेडल भी अंकित कर दिया, ये कमाल भारत की महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने किया, उन्होंने आज हुए फ़ाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।

भारत के फ़ाइनल में पहुँचने के साथ ही पदक पक्का हो गया था और बेटियों की निगाहें गोल्ड पर थीं, हरमन की टीम ने आज गेम भी वैसा ही खेला, भारत की टीम हर क्षेत्र में श्रीलंका पर हावी दिखाई दी, और जीत अपने नाम दर्ज करते ही भारत को इस एशियन का पहला स्वर्ण पदक दिला दिया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भारत की इस जीत पर ख़ुशी जताई है और महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है, डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- देश की बेटियों की “स्वर्णिम” जीत… एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई। आपकी शानदार जीत ने एक बार फिर विश्व पटल पर तिरंगे का गौरव बढ़ाया है। आपकी यह उपलब्धि देश की सभी बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। समस्त देशवासियों को आप पर गर्व है।

भारत ने बनाया एशियन गेम्स का सबसे बड़ा स्कोर

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी कप्तान के फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए, जो एशियन गेम्स के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। आल राउंडर शेफाली वर्मा और स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की मजबूत नींव रखी जिसके बाद भारत बड़े लक्ष्य की तरफ बढ़ता दिखाई दिया।

मंधाना, शेफाली और  ऋचा घोष की तिकड़ी चली  

स्मृति मंधाना ने 5 चौके, 7 छक्कों की मदद से 45 गेंदों में शानदार  79 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रन बटोरे वहीं ऋचा घोष ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 49 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े जिसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया ।

दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी, 69 रनों पर ढेर हुई श्रीलंकाई टीम

217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम भारतीय गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के आगे ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 69 रनों पर ऑल-आउट हो गई। ऑफ-स्पिनर दीप्ति शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं, दीप्ति ने 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट लिए, शेफाली वर्मा ने 2 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए तो  श्री चरणी ने भी 2 और श्रेयांका पाटिल ने भी 2 विकेट हासिल किये।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews