कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया बनीं गोल्डन गर्ल्स, बॉक्सिंग में जीते स्वर्ण पदक, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को मिली दोहरी स्वर्णिम सफलता, प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
Commonwealth Games 2026

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से भारत के लिए लगातार अच्छी खबरें आ रही हैं, जहाँ 10वें दिन मुक्केबाजी स्पर्धा में दोहरी स्वर्णिम सफलता ने देश को गर्व से भर दिया है क्योंकि भारत की बेटियों प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने अपने-अपने भारवर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर तिरंगे का मान बढ़ाया है। इन दो स्वर्ण पदकों के साथ मुक्केबाजी में भारत को यह दूसरा और इन प्रतियोगिता में कुल सातवां गोल्ड मेडल मिला है, जिससे पदक तालिका में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है।

सबसे पहले भारत की प्रतिभाशाली मुक्केबाज प्रीति पवार ने 54 किग्रा भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को एकतरफा अंदाज में हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है। प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना शानदार प्रदर्शन प्रतियोगिता की शुरुआत से ही बनाए रखा था, यानि उन्होंने राउंड ऑफ 16 में डेबोरा मटेंजे, क्वार्टरफाइनल में नॉर्थ आयरलैंड की निकोल क्लाइड और सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। इसके बाद फाइनल मुकाबले में उन्होंने कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को तीनों राउंड में पूरी तरह पछाड़ते हुए एकतरफा जीत दर्ज की और पहली बार यह स्वर्णिम सफलता अपने नाम की है।

इसके तुरंत बाद, महिला मुक्केबाजी के 57 किग्रा भारवर्ग में भारत की जैस्मिन लंबोरिया ने भी नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकेला वॉल्श को 5-0 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। जैस्मिन और मिकेला वॉल्श के बीच इस फाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली थी, जहाँ मैच के पहले राउंड में जैस्मिन ने 3-2 के स्प्लिट फैसले से जीत दर्ज की थी। इसके बाद दूसरे राउंड में जैस्मिन ने शानदार वापसी करते हुए पांचों जजों से 10-10 अंक हासिल कर सर्वसम्मति से जीत हासिल की, और अंत में उन्होंने यह मैच 5-0 से जीतकर भारत को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सातवां और बॉक्सिंग में दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पदक तालिका भारत का स्थान

इन स्वर्णिम सफलताओं के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत अब 6वें स्थान पर पहुंच गया है क्योंकि खेल के 10वें दिन की शुरुआत तक भारत ने कुल 25 मेडल अपने नाम कर लिए थे, जिनमें 7 गोल्ड, 10 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज पदक शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया कुल 132 पदकों के साथ इस तालिका में पहले स्थान पर अपनी बढ़त बनाए हुए है।

सीएम मोहन यादव ने दोनों महिला खिलाड़ियों को दी बधाई

प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया के स्वर्ण पदक जीतने पर देशभर से शुभकामनाएं मिल रहीं हैं, जिसमें नेता और अभिनेताओं सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी खुशी व्यक्त की है। इसी बीच, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इन दोनों प्रतिभाशाली मुक्केबाजों को स्वर्ण पदक जीतने पर बहुत बहुत बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ‘Glasgow, Commonwealth Games-2026 में Women’s 54KG Boxing Event में भारत की बेटी प्रीति पवार को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

उन्होंने जैस्मिन लंबोरिया के लिए भी लिखा कि ‘Glasgow, Commonwealth Games-2026 में Women’s 57KG Boxing Event में भारत की प्रतिभाशाली मुक्केबाज जैस्मिन लम्बोरिया को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’ सीएम ने आगे कहा कि ‘आपकी यह स्वर्णिम सफलता देश की असंख्य बेटियों को प्रेरणा देगी। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं।’

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews