61 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद भी जीता पाकिस्तान, हमजा जहूर ने ठोका नाबाद शतक, भारत को 3 विकेट से हराया

अंडर-19 एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में आखिरी तक रोमांच बना रहा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए और जवाब में पाकिस्तान के 61 रन पर 5 विकेट गिरा दिए। हालांकि पाकिस्तान ने 3 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
61 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद भी जीता पाकिस्तान, हमजा जहूर ने ठोका नाबाद शतक, भारत को 3 विकेट से हराया

अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में आखिरी बाजी पाकिस्तान ने मारी। दरअसल ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत ने शतक लगाया लेकिन पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर की नाबाद सेंचुरी ने मैच का रुख पलट दिया।

दरअसल भारत-पाकिस्तान के इस मुकाबले में एक समय टीम इंडिया मजबूत स्थिति में थी। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान के शुरुआती पांच बल्लेबाजों को 61 रन के स्कोर तक पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद भी टीम जीत से दूर रह गई। हमजा जहूर ने दबाव में बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ अपना शतक पूरा किया बल्कि टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने हसनैन अब्बास डार के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए अहम साझेदारी की।

208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई भारतीय टीम

वहीं इससे पहले टॉस जीतकर भारतीय टीम ने बल्लेबाजी चुनी। टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, लेकिन अर्जुन राजपूत ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 85 गेंदों पर 107 रन बनाए। उनकी पारी में बड़े शॉट्स के साथ जरूरी रन बनाने की कोशिश भी दिखी। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

हमजा जहूर ने पाकिस्तान को संभाला

वहीं 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट लेकर पाकिस्तान को दबाव में डाल दिया। उस्मान खान 16 रन, जहांगीर बिलाल 5 रन, अब्दुल कादिर 20 रन, अहमद हुसैन 8 रन और कप्तान फरहान यूसफ 2 रन बनाकर आउट हुए। 15वें ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर 61 रन पर 5 विकेट था। इस स्थिति में भारत की जीत की उम्मीदें मजबूत दिखाई दे रही थीं।

लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने पारी को संभाला। उन्होंने जल्दबाजी करने के बजाय क्रीज पर टिककर रन बनाए और खराब शुरुआत से टीम को बाहर निकाला। दूसरे छोर पर हसनैन अब्बास डार ने भी उनका साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 107 रन जोड़े। इस साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया और पाकिस्तान को जीत के करीब पहुंचा दिया। हसनैन अब्बास डार ने 67 गेंदों पर 38 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भी हमजा जहूर ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए और टीम को 48.1 ओवर में जीत दिलाकर ही मैदान से लौटे। पाकिस्तान ने 7 विकेट खोकर 209 रन का लक्ष्य हासिल किया। भारत की ओर से मनल चौहान ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहित उल्वा को 2 विकेट मिले। ईशान सूद और काव्या पटेल ने एक-एक विकेट लिया।

अर्जुन राजपूत रहे सबसे सफल बल्लेबाज

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय पारी में अर्जुन राजपूत सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 85 गेंदों पर 107 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। उनकी सेंचुरी के बावजूद भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की तरफ से अली रजा, निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह ने 3-3 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews