MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

उत्तराखंड: विभिन्न योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री धामी ने 289 करोड़ रुपये की दी स्वीकृति, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और आपदा राहत के लिए कुल 289 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विभिन्न परियोजनाओं को मिलेगी गति।
CM Pushkar Singh Dhami

उत्तराखंड के विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा सार्वजनिक सुविधाओं और आपदा राहत आदि के लिए कुल 289 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से राज्य के कोने-कोने में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, भूपतवाला हरिद्वार में पाइप लाइन बिछाने हेतु 4.67 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह, विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के शहरी विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लिए 01 करोड़ रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया है। जनपद अल्मोड़ा की ग्राम पंचायत सुरूण में कालसीन देवता मंदिर में धर्मशाला निर्माण एवं मार्ग के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण के लिए 27.02 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी मिली है। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरूऊ में डा. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु 25.00 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी शामिल है।

शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर हेतु कुल 150 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 75.00 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट के अन्तर्गत पांखू में विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण हेतु 9.43 करोड़ रुपये के सापेक्ष 5.00 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

देहरादून में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मिली मंजूरी

राजधानी देहरादून में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। देहरादून की उत्तर शाखा के अन्तर्गत राष्ट्रपति आशियाना के बागवानी के लिए एसटीपी उपचारित जल की आपूर्ति हेतु 2.81 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। विधानसभा क्षेत्र मसूरी की अपर सौंधोवाली रिवर घाटी पेयजल योजना हेतु 4.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही, देहरादून नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने, प्रमुख चौराहों के सुधार और आधुनिकीकरण आदि के लिए 33.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

आपदा राहत और पुनर्वास के लिए राशि स्वीकृत

आपदा राहत और पुनर्वास के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। जनपद पिथौरागढ़ के 78 परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र पुनर्वासित या विस्थापित किए जाने हेतु 3.81 करोड़ रुपये की राशि का अनुमोदन दिया गया है। वन्य जीवों द्वारा मानव मृत्यु, पशु क्षति, फसल क्षति तथा मकान क्षति के प्रकरणों के भुगतान हेतु विगत वर्षों की अवशेष देनदारियों के लिए 20 करोड़ रुपये और वर्तमान में उक्त प्रकरणों हेतु आकस्मिक रूप से प्राप्त होने वाली मांग के दृष्टिगत 10 करोड़ रुपये, यानी कुल 30 करोड़ रुपये की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त, आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत विश्व बैंक सहायतित परियोजना यू-प्रियेपर हेतु 75 करोड़ रुपये की धनराशि का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

खटीमा में 6.02 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 6 किमी हॉट मिक्स सड़क

सड़क निर्माण और आवासीय सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया है। जनपद उधमसिंह नगर के विधान सभा क्षेत्र खटीमा में ग्राम जोगीढेर नगला में 06 किमी हॉट मिक्स रोड के निर्माण कार्य हेतु 6.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधान सभा क्षेत्र खटीमा में मुख्य रोड से खकरा क्रोकोडाइल ट्रेल तक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य हेतु 3.45 करोड़ रुपये का अनुमोदन दिया गया है। दीवानी न्यायालय परिसर खटीमा में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य हेतु 01 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।

बुनियादी ढांचे के तहत सहस्त्रधारा स्थित हैलीपैड में उत्तराखण्ड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मौजूदा कॉन्फ्रेंस हॉल और वेटिंग लाउंज सहित विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु 1.36 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जनपद हरिद्वार के जिला न्यायालय में सीसीटीवी कैमरे संयोजित या स्थापित कराने हेतु 1.28 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तहत नाबार्ड के अंतर्गत, सहसपुर (ऑगमेन्टेशन) पेयजल योजना हेतु 21.00 करोड़ रुपये एवं हुकुमतपुर (ऑगमेन्टेशन) पेयजल योजना हेतु 19.00 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

जवाहर नवोदय विद्यालय मटौली में ओपन जिम निर्माण के लिए 99.44 लाख रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चंपावत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मटौली में छात्र-छात्राओं के व्यायाम के लिए ओपन जिम के निर्माण हेतु 99.44 लाख रुपये की राशि को मंजूरी दी है। माँ पूर्णागिरी धाम के सेमागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य हेतु 19.68 लाख रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके साथ ही, जनपद पिथौरागढ़ में नगर पालिका गंगोलीहाट क्षेत्र के अंतर्गत मां हाट कालिका मंदिर मार्ग एवं सभी वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापित किए जाने संबंधी कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
उत्तराखंड: विभिन्न योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री धामी ने 289 करोड़ रुपये की दी स्वीकृति, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार - MP Breaking News