MP की इस विधानसभा के सभी पार्क बनेंगे थीम पार्क, महिला हाट बाजार भी होगा

MP की इस विधानसभा के सभी पार्क बनेंगे थीम पार्क, महिला हाट बाजार भी होगा

Bhopal Theme Park : राजधानी भोपाल की नरेला विधानसभा क्षेत्र के सभी 17 वार्ड में थीम पार्क (Theme Park) बनेंगे और दिल्ली हाट की तर्ज पर रचना नगर में महिला सशक्तिकरण थीम पार्क में हाट बाजार बनेगा। इस हाट बाजार का संचालन पूर्ण रूप से महिलाएँ करेंगी। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक विश्वास सारंग (Medical Education Minister Vishvas Sarang) ने थीम पार्क निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए यह घोषणा की।

मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किये जा रहे हैं। हर घर नर्मदा जल पहुँचाने के साथ ही क्षेत्र में अधो-संरचना का विकास करते हुए आदर्श ड्रेनेज सिस्टम, अस्पताल, महाविद्यालय और थीम आधारित पार्कों का निर्माण भी किया गया है। उन्होंने कहा कि थीम पार्कों के निर्माण के द्वितीय चरण में नरेला विधानसभा क्षेत्र के सभी 17 वार्ड में पार्क बनाये जायेंगे।

थीम पार्क में होगा हाट बाजार, आरोग्यधाम वेलनेस सेंटर

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र के रचना नगर में महिला सशक्तिकरण थीम पर आधारित पार्क का निर्माण किया जायेगा। हर घर की महिला को सशक्त करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य के साथ महिला सशक्तिकरण थीम पार्क में दिल्ली हाट की तर्ज पर महिला हाट बनाया जायेगा। इस हाट का संचालन पूर्ण रूप से महिलाओं द्वारा किया जायेगा, जहाँ नरेला विधानसभा क्षेत्र के लगभग 400 से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बिक्री के लिये बाजार मिलेगा।

नरेला विधानसभा अंतर्गत सभी वार्डों में बनेंगे थीम पार्क

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 69 अशोका गार्डन में नर्मदा पार्क और युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद थीम पार्क का निर्माण किया गया है। वार्ड 44 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित थीम पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी श्रृंखला के द्वितीय चरण में नरेला विधानसभा अंतर्गत समस्त 17 वार्ड में महिला शक्ति, दिव्यांग जन, वृद्धजन सहित साहित्यकार, वीर क्रांतिकारियों और अन्त्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित थीम पार्कों का निर्माण किया जायेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews