भोपाल के कारोबारी से 10 करोड़ की रंगदारी की मांग, धमकी देने वाले ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य

भोपाल के एक कारोबारी को धमकी भरा कॉल आया है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। इतना ही नहीं व्यापारी से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है।
Bhopal

मध्य प्रदेश के भोपाल से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, यहां के कोलार क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पैसा लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगा गया है। अधिकतर इस गैंग को बड़े सिलेब्रिटीज को अपना निशाना बनाते हुए देखा जाता है।

खबरों के मुताबिक बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से कारोबारी को दो बार फोन किया गया। उसे कहा गया कि 10 करोड़ की रंगदारी तैयार रखें क्योंकि पूरी रेकी कर ली गई है। यह भी बोला गया कि अगर पैसा नहीं दिया तो उसे जान से मार दिया जाएगा और उसकी हालत बाबा सिद्दीकी जैसी हो जाएगी। अब कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच चल रही है।

व्यापारी को मिली धमकी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक कोलार इलाके के पार्वती नगर में रहने वाले 42 वर्षीय गौरव जैन को यह धमकी मिली है, वो ज्वैलर हैं और अन्य व्यापार भी करते हैं। पुलिस को की गई अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 मार्च को उन्हें एक वीपीएन नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया। उसने कहा कि तू सोने का बड़ा व्यापारी है और बहुत पैसे कमा रहा है 10 करोड़ रुपए तैयार रखना। अपने लोगों से मेरे बारे में पूछ लेना और गूगल पर नाम सर्च कर लेना, कल वापस कॉल करूंगा।

पहले तो व्यापारी ने इस फोन को नजरअंदाज कर दिया लेकिन दूसरे दिन उन्हें दोबारा इस नंबर से फोन आया तो कॉल करने वाले ने खुद को फिर से हैरी बॉक्सर बताया और पैसों के इंतजाम के बारे में पूछा। जब गौरव ने कहा कि वह पैसे नहीं देंगे तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि गैंग के गुर्गों के पास तुम्हारी पूरी रैकी है। इसके बाद उसने व्यापारी को मैसेज भी किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

इस मामले में एडिशनल डीसीपी जोन 4 मलकीत सिंह ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का बदमाश बताया है। पुलिस नंबर की जांच कर रही है, शुरुआती तौर पर यह वीपीएन नंबर नजर आ रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी की लोकेशन क्या है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews