Bhopal News : इस्लामनगर का नाम बदलकर जगदीशपुर हुआ, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Bhopal News : इस्लामनगर का नाम बदलकर जगदीशपुर हुआ, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Islamnagar renamed as Jagdishpur : भोपाल स्थित इस्लामनगर अब जगदीशपुर के नाम से जाना जाएगा। बुधवार को सरकार ने इसे लेकर राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। इस स्थान का नाम बदलने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी। प्रदेश में लगातार कई स्थानों के नाम बदले जा रहे हैं। पहले ही हबीबगंज स्टेशन को रानी कमलापति और होशंगाबाद को नर्मदापुरम नाम दिया जा चुका है। इसी कड़ी में एक और स्थान का नाम परिवर्तित हुआ है और अबसे इस्लामनगर ‘जगदीशपुर’ होगा।

इस्लामगर थी राजधानी

राजधानी भोपाल एक समय नवाबों की रियासत हुआ करती थी और उस समय इसकी राजधानी फंदा तहसील में स्थित इस्लामनगर थी। इतिहासकारों के मुताबिक इस स्थान का पुराना नाम जगदीशपुर था और 1751 ईस्वी में दोस्त मोहम्मद खान ने उसे बदलकर इस्लामनगर कर दिया था। लंबे अरसे से इसका नाम बदलने की मांग चल रही थी और केंद्र सरकार ने पहले ही जगदीशपुर नाम को लेकर अधिसूचना जारी कर दी थी। केंद्र से हरी झंडी मिलने के बाद अब राज्य सरकार ने भी राजपत्र में इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

करीब तीन दशकों से यहां का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। 17 साल पहले यहां की पंचायत द्वारा सरकार को एक पत्र लिखा गया था जिसमें नाम बदलकर जगदीशपुर करने को लेकर अनापत्ति व्यक्त की गई थी। वहीं हुजूर विधायक के साथ सांसद प्रज्ञा भारती भी यहां का नाम बदलने की मांग करती आई हैं। पिछले साल भी भोपाल के दो महत्वपूर्ण स्थानों के नाम बदले गए थे। हलालपुर बस स्टैंड का नाम हनुमान गढ़ी बस स्टैंड और लाल घाटी का नाम श्री महेंद्र नारायण दास महाराज  के नाम पर रखा गया है। इसी कड़ी में अब इस्लामनगर को भी नया नाम, या कहें उसका पुराना नाम ‘जगदीशपुर’ दिया गया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews