सीएम डॉ मोहन यादव ने विद्यार्थियों के खातों में ट्रांसफर की 300 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति, बोले- “बच्चों का खुश चेहरा देखकर मुझे ऊर्जा मिलती है”

मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा अभी दिवाली गई लेकिन माँ लक्ष्मी को प्रसन्न रखने के लिए माँ सरस्वती को प्रसन्न रखना आवश्यक है इसलिए आपको माँ सरस्वती को प्रसन्न करना है खूब पढ़ना है माँ लक्ष्मी अप पर कृपा अवश्य करेंगी।
CM Dr Mohan Yadav transferred scholarship

मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज गुरुवार 30 अक्‍टूबर को 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में समेकित छात्रवृत्ति योजना की 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। कार्यक्रम का आयोजनदोपहर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और जनजातीय कल्याण मंत्री कुँवर विजय शाह मौजूद रहे। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा बच्चों के लिए हमारी सरकार सबकुछ करने के लिए तैयार है, बच्चों के चेहरे पर ख़ुशी देखकर मुझे ऊर्जा मिलती है।

समेकित छात्रवृत्ति योजना में प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा-1 से 12 तक अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि एजुकेशन पोर्टल 3.0 के माध्यम से स्वीकृत की गई है। मुख्‍यमंत्री द्वारा अंतरित की गई राशि में स्कूल शिक्षा विभाग की 7 प्रकार की छात्रवृत्ति जैसे सामान्य निर्धन वर्ग छात्रवृत्ति, सुदामा प्री-मेट्रिक, स्वामी विवेकानन्द पोस्ट मेट्रिक, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के बच्चों की छात्रवृत्ति, पितृहीन कन्याओं की छात्रवृत्ति, इकलोती बेटी की शिक्षा विकास छात्रवृत्ति की राशि भी शामिल है।

सीएम ने बच्चों को शुभकामनायें दी 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पहले छात्रवृति अप्रैल तक मिलती थी जब सत्र खत्म हो जाता था लेकिन पहली बार अक्टूबर में मिल रही है, उन्होंने प्रदेश के सभी बच्चों को बधाई और शुभकामनायें दी। मुख्यमंत्री ने कहा यदि विद्यार्थी के स्कूल में आने से पहले ही राशि पहुंच जाये तो उसका बेहतर उपयोग हो सकेगा इसलिए ये राशि अभी दी है, उन्होंने कहा ऐसी कई सारी चीजें शुरू की हैं हमने स्कूटी समय पर दी, गणवेश की राशि समय पर दी, साइकिल भी समय पर दी है।

“हमारी सरकार बच्चों के लिए सबकुछ करने के लिए तैयार”

मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार बच्चों के लिए तो सबकुछ करने के लिए तैयार है जो आपको चाहिए वो सरकार देगी, प्रदेश के बच्चे पढ़ें लिखें आगे बढ़ें इनको खुश देखकर आनंद आ जाता है। डॉ मोहन यादव ने कहा आपका खुश चेहरा देखकर मुझे और ऊर्जा मिलती है, सीएम बोले किसी भी विभाग में बजट कम ज्यादा करना पड़े करेंगे, लेकिन बच्चे हमारी पहली प्राथमिकता हैं।

बच्चों की हर ख़ुशी में मुख्यमंत्री हमेशा साथ : स्कूल शिक्षा मंत्री 

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा आज का दिन बच्चों के लिए ख़ुशी का दिन है जब उन्हें साइकिल स्कूटी, लैपटॉप, गणवेश का पैसा मिलता है तो वे बहुत खुश होते हैं और विशेष बात ये है कि बच्चों की हर ख़ुशी में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यदव आपके साथ होते हैं। आज फिर ख़ुशी का दिन है क्योंकि आपको खातों में छात्रवृत्ति का पैसा पहुंच रहा है, उन्होंने बताया कि ये बड़ी योजना है , इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, घुमंतू, अर्धघुमंतू और सामान्य वर्ग के निर्धन बच्चों को ये छात्रवृत्ति दी जाती है, जिससे उनका भविष्य संवर सके।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews