पीएम मोदी से मुलाकात, संसदीय दल की बैठक और मध्यप्रदेश में निवेश पर चर्चा, सीएम डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा, पढ़ें खबर

मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की और मध्यप्रदेश में निवेश, ‘मेक इन एमपी’ विजन सहित उनकी अंतर्राष्ट्रीय यात्रा की सफलता के बारे में जानकारी दी। सीएम ने पीएम को राज्य की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका ‘विरासत से विकास की राह’ भी भेंट की। इसी के साथ संसदीय दल की बैठक में केंद्र और राज्य के समन्वय से मध्यप्रदेश के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
CM Mohan Yadav meets PM Modi

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को नई दिल्ली के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की साथ ही विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से भी सौजन्य भेंट की। वे मध्यप्रदेश भवन में प्रदेश भाजपा संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए। इसी के साथ उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट में भी हिस्सा लिया।

संसदीय दल की बैठक में राज्य सरकार और सांसदों के बीच समन्वय को मजबूत करने, जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और मध्यप्रदेश के विकास के लिए केंद्र-राज्य सहयोग पर बल दिया गया। इसी के साथ सीएम ने बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विभिन्न प्रतिष्ठानों के विजनरी अधिकारियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री की पीएम मोदी से भेंट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, निवेश को बढ़ावा देने की योजनाओं और ‘मेक इन एमपी’ विजन पर चर्चा हुई। सीएम ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति और मध्यप्रदेश की इसमें भागीदारी को लेकर बात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को मध्यप्रदेश की उपलब्धियों एवं नवाचार पर केंद्रित पुस्तिका ‘विरासत से विकास की राह’ भेंट की। इसी के साथ अपनी दुबई और स्पेन यात्रा की सफलता के बारे में भी जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्रियों से भी हुई मुलाकात 

सीएम मोहन यादव ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से संसद भवन में मुलाकात हुई जहां राज्य की कानून-व्यवस्था और सहकारिता क्षेत्र में प्रगति पर चर्चा हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी भेंट की। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश और आर्थिक विकास के लिए केंद्र सरकार के समर्थन पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ भी मुलाकात की और इस दौरान महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श हुआ।

मध्यप्रदेश भाजपा संसदीय दल की बैठक में हुए शामिल

गुरुवार को दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन में प्रदेश भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सांसदों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी सांसदों के साथ बातचीत की है। आने वाले समय में हमारे विभिन्न संगठन के कामों की जानकारी भी विस्तृत रूप से दी गई और सरकार तथा राज्य सरकार मिलकर जनकल्याण कार्यों को कैसे और अच्छा करे..इस दिशा में भी सार्थक बात हुई है।

बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट में बताया मध्यप्रदेश का विजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत मंडपम में आयोजित बीएसएल ग्लोबल आउटरीच समिट में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दो दिवसीय समिट में उन्होंने टेक्सटाइल, लाइफस्टाइल और एप्पेयरल उद्योगों में ब्रांडिंग, लीडरशिप और सोर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया। उन्होंने टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल चर्चा में भी हिस्सा लिया, जिसमें मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल हब बनाने के विजन पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने व्यापार में बाधा डालने वाले 42 कानूनों को समाप्त कर दिया है और हर सेक्टर में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार उनकी हर जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews