बढ़े हुए बिजली के बिलों से लोग परेशान, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने स्मार्ट मीटर को लेकर किया बिजली विभाग कार्यालय का घेराव

स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद शहर के कई हिस्सों में लोगों ने इसका विरोध जताया है कि पहले की तुलना में अब बिजली बिल ज्यादा आ रहा है और बिजली विभाग में कोई उनकी इस समस्या की सुनवाई नहीं करता।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने स्मार्ट मीटर को लेकर किया बिजली विभाग कार्यालय में विरोध

भोपाल में स्मार्ट मीटर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए है, लोगों की शिकायत है कि जब से यह मीटर लगे है तब से बिजली का बिल बहुत ज्यादा आ रहा है, कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उनकी सुनवाई नहीं करते है। शनिवार को कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने रहवासियों के साथ स्मार्ट मीटर लेकर बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया।

जमकर जताया विरोध 

लोगों के आरोप है कि स्मार्ट मीटर की मनमानी वसूली से वह तंग आ चुके है, जहां-जहां स्मार्ट मीटर लगते जा रहे हैं वहां-वहां बढ़े हुए बिजली के बिलों की शिकायत बढ़ती जा रही है। इन बढ़े हुए बिजली के बिलों से तंग आकर आम जनता कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के साथ बिजली कार्यालय पहुंची। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने परेशान जनता और उनके बढ़े हुए बिजली के बिलों को लेकर बिजली विभाग कार्यालय के गेट पर बैठकर नारेबाजी की। शुक्ला ने कहा की सरकार ने जनता को स्मार्ट सिटी देने का वादा किया था लेकिन सरकार ने स्मार्ट मीटर से ग़रीब जनता की जेब पर डाका डालने का स्मार्ट तरीका खोजा है।

आरोप सोलर बिजली में भी घपला 

लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के साथ सोलर की बिजली में भी घपला किया जा रहा है। जिन घरों में सोलर पैनल लगवाए गए उन घरों में बिजली के बिलों में कमी आने की जगह और अधिक बिल आने लगे हैं । इन्ही सब शिकायतों को लेकर कांग्रेस नेता के साथ पहुंचे स्थानीय लोगों को विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनके घरों में विभाग के कर्मचारी पहुंचेगे और मीटर की जांच करेंगे।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews