जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान को घेरा, कहा ‘सातवें मंगलवार भी नहीं दिया मिलने का समय’, बीजेपी सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है और जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा। जीतू पटवारी ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री से वो लगातार मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं दिया जा रहा। कांग्रेस खाद की कमी, उचित दाम और मुआवजे को लेकर सरकार से सवाल कर रही है।
jitu Patwari

Jitu Patwari

Congress Slams BJP Govt Over Farmer Issues : कांग्रेस ने एक बार फिर किसानों के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से लगातार मिलने का समय मांग रहे हैं लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सात मंगलवार हो गए हैं जब वो लगातार कृषि मंत्री से मुलाक़ात के लिए समय मांग रहे हैं लेकिन उनकी मांग को अनदेखा किया जा रहा है।

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान प्रत्येक मंगलवार को किसानों से मुलाक़ात करते हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि बीजेपी सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किसानों से जो वादे किए थे, वो उन्हें पूरा नहीं कर रही है। इसी के साथ वो तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी मध्य प्रदेश के किसानों के साथ वादाखिलाफी और धोखा देने का आरोप लगा रही है।

जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान को घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए लिखा है कि ‘आज आपसे मिलने का समय माँगते हुए सातवां मंगलवार हो गया, लेकिन अब तक आपने हम किसानों के लिए समय नहीं निकाला। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने और किसानों से संवाद करने के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि हर क्षेत्र का किसान परेशान है। न तो खाद मिल रही है, न फसलों का उचित दाम, और न मुआवजा, जिससे किसान अपनी फसल बर्बाद करने पर मजबूर हो रहा है। आपके गृह राज्य के किसान लगातार आपसे मिलने का समय माँग रहे हैं, और आपकी अनदेखी यह दर्शाती है कि आपकी सरकार को मध्य प्रदेश के किसानों की समस्याओं की परवाह नहीं है। आपने हर मंगलवार किसानों से मिलने का वादा किया था। इसलिए मैं मध्य प्रदेश के किसान साथियों के साथ इस मंगलवार को भी आपसे मिलने का निवेदन करता हूँ, इस उम्मीद के साथ कि आप हमारी समस्याओं का समाधान करेंगे।’

कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर

बता दें कि कांग्रेस किसानों के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर लगातार हमलावर है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सिंह और दिग्विजय सिंह भी इस मुद्दे को लेकर सीएम मोहन यादव को घेर चुके हैं। दिग्वजिय सिंह ने कुछ समय पहले प्रदेश में खाद की कमी को सवाल उठाए थे और सवाल किया कि मध्य प्रदेश में खाद और यूरिया की लगातार कमी क्यों हो रही है, जबकि किसानों को इसकी सख्त जरूरत होती है। उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलना चाहता है, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया जा रहा। अब जीतू पटवारी ने भी पूर्व सीएम और केंद्रीय कृषि मंत्री पर मुलाक़ात का समय नहीं देने की आरोप लगाया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews