Rahul Gandhi : चार पंक्तियों में बड़ा स्टेटमेंट, कांग्रेस ने बोला ‘हमपे इल्ज़ाम है ये, चोर को क्यों चोर कहा…’

Rahul Gandhi : चार पंक्तियों में बड़ा स्टेटमेंट, कांग्रेस ने बोला ‘हमपे इल्ज़ाम है ये, चोर को क्यों चोर कहा…’

Rahul Gandhi : राहुल गांधी..इस समय का सबसे ट्रेंडिंग हैशटैग, सबसे बड़ी खबर, सबसे बड़ा सियासी मुद्दा। मानहानि मामले में 2 साल की सजा के बाद शुक्रवार को उन्हें संसद सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित किया गया और इसके बाद से ये मुद्दा ज़ेरे-बहस है। कांग्रेस हमलावर है और इसे बीजेपी सरकार की तानाशाही करार दे रही है। उसने इसे ‘लोकतंत्र का सबसे काला दिन’ और ‘स्वतंत्रता पर हमला बताया’ है। इस मुद्दे पर वो अलग अलग माध्यम से विरोध दर्ज करा रही है और सोशल मीडिया भी ऐसा ही एक ज़रिया है।

कांग्रेस ने ट्वीट किया ये सॉन्ग

शनिवार को एमपी कांग्रेस ने एक फिल्मी गाने को ट्वीट करते हुए सरकार पर सीधे सीधे हमला बोला है। अपने ट्विटर हैंडल से उसने ‘हमपे इल्ज़ाम है ये चोर को क्यों चोर कहा, क्यों सही बात कही, काहे न कुछ और कहा’ शेयर किया है। ये 1979 में रिलीज हुई फिल्म ‘जनता हवलदार’ के गीत ‘हमसे का भूल हुई जो ये सज़ा हमका मिली’ की पंक्तियां है जो राजेश खन्ना पर फिल्माई गई थी। हालिया स्थिति पर कांग्रेस को ये गाना बिल्कुल मुफीद लगा है और इन चार लाइनों में उसने एक बड़ा स्टेटमेंट दे दिया है। ये एक ऐसा स्टेटमेंट है जो बीजेपी सरकार पर इल्ज़ाम डाल रहा है, सवाल कर रहा है, विरोध जता रहा है। यहां फिल्म का टाइटल भी काफी मौजूं है ‘जनता हवलदार’। कांग्रेस ने कहा है कि बीजेपी अगर संसद में आने से रोकेगी, बाकी जगहों पर बैन करेगी तो वो लोगों के घर घर जाएंगे और अपनी बात रखेंगे। उसने कहा कि वो डरने वाले नहीं और जनता ही इसका फैसला करेगी।

‘इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे’

कांग्रेस कह चुकी है कि वो इस मामले में पूरी तरह इंसाफ की लड़ाई लड़ेगी। शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने निडर लोगों के बोलने की स्वतंत्रता और बोलने के बाद की स्वतंत्रता पर हमला किया है। वरिष्ठ नेता और कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि ‘राहुल गांधी ने निडरता से अपने विचार रखे हैं..जनहित में रखे हैं। आज वो सवाल पूछने की कीमत चुका रहे हैं।’ उन्होने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस की आवाज को दबाना इतना आसान नहीं है। वहीं जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से डरी हुई है और आज लिया गया निर्णय उसी डर का परिणाम है। उन्होने कहा कि ये सिर्फ कानूनी मुद्दा नहीं है, ये राजनीतिक मुद्दा है। ये प्रतिशोध, धमकी और उत्पीड़न की राजनीति की एक मिसाल है। उन्होने राहुल गांधी की बात दोहराते हुए कहा कि ‘जो खुद डरते हैं वो दूसरों को डराते हैं।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews