कांग्रेस ने विजयपुर के नव निर्वाचित विधायक मुकेश मल्होत्रा का स्वागत किया, BJP ने कसा तंज, जीत की आड़, कांग्रेस में दो फाड़

BJP ने लिखा- उमंग सिंघार न तो कांग्रेस कार्यालय गए और न ही जीतू पटवारी के कार्यक्रम का हिस्सा बने अपने घर में ही बैठ कर उन्होनें पटवारी जी के जश्न को बेरंग कर दिया।
Vijaypur Congress MLA Mukesh Malhotra

BJP taunts Congress: मध्य प्रदेश में हाल में हुए बुधनी और विजयपुर सीट के उप चुनाव में मिली सफलता से कांग्रेस बहुत उत्साहित है और इसे बदलाव की शुरुआत बता रही है, कांग्रेस ने विजयपुर सीट जीत ली और बुधनी में अपना वोट का आंकड़ा बहुत बढ़ा लिया। आज पार्टी ने विजयपुर से जीते विधायक मुकेश मल्होत्रा का भोपाल में स्वागत किया लेकिन यहाँ नेताओं के बीच की खींचतान सामने आ गई जिसपर भाजपा ने तंज कसा है।

विजयपुर के नव निर्वाचित विधायक मुकेश मल्होत्रा आज भोपाल पहुंचे, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उन्हें अपने आवास पर बुलाया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया सम्मान किया, इस मौके पर जीत के सूत्रधार कहे जा रहे पूर्व जिला पंचायक अध्यक्ष मुरैना नीटू सिकरवार, ग्वालियर से विधायक उनके बड़े भाई सतीश सिंह सिकरवार सहित कई बड़े नेता मौजूद थे।

उमंग सिंघार ने घर बुलाकर किया मुकेश मल्होत्रा का स्वागत 

उमंग सिंघार ने मुकेश मल्होत्रा के स्वागत के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की और लिखा-कांग्रेस के जांबाज कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत से विजयपुर में जीत का डंका बजा दिया है। विजयपुर चुनाव में जनता के विश्वास पर खरे उतरने वाले मुकेश मल्होत्रा एवं इस जीत में उनके सहयोगी और इस जीत के शिल्पकार नीटू सिकरवार सिकरवार जी से निवास कार्यालय में मिलकर भेंट की एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।

जीतू पटवारी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया कांग्रेस विधायक का स्वागत कार्यक्रम 

विधायक मुकेश मल्होत्रा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय गए जहाँ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनका स्वागत किया, पूर्व मंत्री मुकेश नायक सहित कांग्रेस के कई अन्य बड़े नेता यहाँ मौजूद थे लेकिन उमंग सिंघार यहाँ मौजूद नहीं थे, उमंग सिंघार पिछले दिनों आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से भी नदारद थे, अब आज के घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है।

BJP ने कसा तंज – जीतू पटवारी देखते रह गए और उमंग सिंघार महफिल लूट ले गए

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने X पर लिखा-जीत की आड़, कांग्रेस में दो फाड़। जीतू पटवारी देखते रह गए और उमंग सिंघार महफिल लूट ले गए। विजयपुर की जीत पर श्रेय बटोरने के लिए बेचारे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कई दिनों से तैयारी कर रहे थे, यहां तक कि आज जोरों-शोरों से विजयपुर के विधायक मुकेश मल्होत्रा के भव्य स्वागत का कार्यक्रम भी रखा, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फेरते हुए उमंग सिंघार  बाजी मार ले गए।

आशीष अग्रवाल ने लिखा- उमंग सिंघार ने जीतू पटवारी के जश्न को बेरंग कर दिया

भाजपा नेता ने लिखा-  अध्यक्ष जी से पहले, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार नवनिर्वाचित विधायक को अपने बंगले पर बुलाया और सुर्खियों में बने रहने के लिए मीडिया के सामने मुंह मीठा कराया। उमंग सिंघार न तो कांग्रेस कार्यालय गए और न ही जीतू पटवारी के कार्यक्रम का हिस्सा बने अपने घर में ही बैठ कर उन्होनें पटवारी जी के जश्न को बेरंग कर दिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews