एक्शन में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, बोले- समाधान योजना में लापरवाही पर ट्रांसफर नहीं डिमोशन होगा

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के 2 लाख रुपये से अधिक के बिजली बिल बकाया हैं, उनसे मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता स्वयं बात करें। इसका डिटेल मंत्री कार्यालय को भी दें। उन्होंने कहा कि प्रथमत: बड़े बकायादारों से सख्ती से वसूली करें।
Samadhan Yojana Energy Minister Pradhuman Singh Tomar

Samadhan Yojana Energy Minister Pradhuman Singh Tomar

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आज सोमवार को समाधान योजना की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा की, उन्होंने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि समाधान योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार उपलब्धि नहीं प्राप्त होने तथा कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों का ट्रांसफर नहीं डिमोशन किया जायेगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि रबी सीजन में किसानों को हर हाल में 10 घंटे की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। मंत्री श्री तोमर ने सर्किलवार योजना की प्रगति की समीक्षा की।

समाधान योजना में अव्वल आने पर मिलेंगे 50 हजार

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि समाधान योजना में जो सर्किल सबसे अच्छी उपलब्धि अर्जित करेगा, उसके अधीक्षण यंत्री को 50 हजार रूपये का इनाम दिया जायेगा। कंपनी क्षेत्रार्न्तगत प्रथम सर्किल को 25 हजार रूपये और सर्वश्रेष्ठ सहायक यंत्री को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। संबंधित के गोपनीय चरित्रावली में भी इसकी इंट्री की जायेगी।

2 लाख से अधिक के बकायादारों से सीई,एसई बात करें

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के 2 लाख रुपये से अधिक के बिजली बिल बकाया हैं, उनसे मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता स्वयं बात करें। इसका डिटेल मंत्री कार्यालय को भी दें। उन्होंने कहा कि प्रथमत: बड़े बकायादारों से सख्ती से वसूली करें। कंपनी की आर्थिक स्थिति ठीक करने के लिए यह कार्य जरूरी है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड का भ्रमण करें।

अभी तक जमा हुये 578 करोड़ रुपये 

अधिकारियों ने जानकारी दी कि समाधान योजना में अभी तक 578 करोड़ 22 लाख रुपये जमा हुए हैं। बिजली उपभोक्ताओं के 264 करोड़ 17 लाख रुपये के सरचार्ज माफ किये गए हैं। सर्वाधिक 382 करोड़ 72 लाख रुपये मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के क्षेत्र में जमा हुए हैं। योजना का प्रथम चरण 31 जानकारी तक चलेगा।

लंबित बिल जमा नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश 

ऊर्जासचिव  विशेष गढ़पाले ने कहा कि लंबित बिजली बिल जमा नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काटे जायें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुसार वसूली जरूरी है। इस दौरान एम.डी. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अनय द्विवेदी, एम.डी. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अनूप सिंह सहित सभी अधिकारी बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews