
Jitu Patwari
Jitu Patwari slams BJP : मध्यप्रदेश मे बच्चियों के साथ हो रहे अपराधो को लेकर कांग्रेस अब उनकी सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ‘सरकार से अब बेटियों की सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है’। वहीं सोयाबीन के दाम को लेकर किसानों के लिए भी कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा कि धोखा देने वालों का अगर कोई सबसे बड़ा जमघट है और अपनी ज़बान से पलटने वालों कोई सबसे पड़ा राजनीतिक दल है तो वो बीजेपी है। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के झारखंड में दिए गए बयान पर घेरते हुए पटवारी ने कहा कि शिवराज जी ऐसे नेता है जिन्हें झूठ बोलने के लिए कोई ऑस्कर पुरस्कार हो तो मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जनता से और किसानों से तमाम वादे किए थे, लेकिन अब वो केंद्र में जाकर बैठ गए हैं और अपने सारे वादे भूल गए हैं। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड में बीजेपी का प्रचार करते हुए कहा है कि सोरेन सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। इसी के साथ उन्होंने झारखंड सरकार की मैया सम्मान योजना को उनकी लाडली बहना योजना की नकल बताया और बीजेपी की सरकार आने पर महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता का ऐलान किया।
‘किसानों के लिए कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी’
जीतू पटवारी ने एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ के साथ बात करते हुए बीजेपी सरकार को किसानों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि ‘सरकार ने किसानों से झूठ बोला है। तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्रदेश की जनता से वादा किया था कि वो किसानों की इनकम डबल कर देंगे और कृषि को लाभ का धंधा बनाएंगे। उन्होंने एमएसपी को लेकर जो वादे किए थे, उसका क्या हुआ। पानी गिरने के कारण सोयाबीन की फसल बर्बाद हुई है, शिवराज जी ने इसके लिए 40 हज़ार प्रति एकड़ मुआवज़े की बात करते थे तो अब देते क्यों नहीं है। प्रदेश में उनकी सरकार है वे केंद्र में कृषि मंत्री हैं और क्यों एक शब्द भी नहीं बोल पा रहे हैं। धोखा देने वालों में और अपनी ज़बान से पलटने वालों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की किसानों के पक्ष में लड़ाई जारी रहेगी। बता दें कि कांग्रेस लगातार सोयाबीन के लिए छह हज़ार मूल्य की माँग कर रही है और पिछले दिनों किसानों की मांगों को लेकर उसने प्रदेशभर में किसान न्याय यात्रा भी निकाली थी।
जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान से मांगा मिलने का समय
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष ने शिवराज सिंह चौहान के झारखंड में दिए बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब शिवराज सिंह चौहान किसानों को 40 हजार मुआवजा दिलाने के लिए तत्कालीन सीएम कमलनाथ पर दबाव डाल रहे थे। लेकिन अब तब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह उनकी सरकार है तो किसानों को मुआवजा क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लाडली बहनों को भी धोखा दिया है। उनसे 3000 का वादा कर सरकार सिर्फ 1250 रुपए दे रही है और दूसरी तरफ़ लाडली बहनों के पतियों को दिए जा रहे भारी बिजली के बिल थमाए जा रहे हैं। जीतू पटवारी ने कहा कि ‘शिवराज जी झूठ बोलते हैं..अब झारखंड में उनके इन झूठों को कॉपी किया जा रहा है। मैं हर मंगलवार को शिवराज सिंह चौहान से समय मांगता रहूंगा, जब तक वो मुझसे मिलने को तैयार नहीं होते हैं। शिवराज सिंह से मिलकर मैं उनसे सभी सवालों का जवाब मांगूंगा।’
बेटियों की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
मध्य प्रदेश में महिला अत्याचार को लेकर जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून का खौफ कम हो गया है और महिलाओं के विरुद्ध अत्याचार 5 साल में डबल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार से कुछ होने वाला नहीं है और विपक्ष के नाते हमारा दायित्व है कि हम बेटियों के रक्षा के लिए कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि ‘अब बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार से उम्मीद करना बेकार है, क्योंकि भाजपा सरकार की प्राथमिकता कभी भी हमारी बेटियों की सुरक्षा नहीं रही। बेटियों को इंसाफ़ सिर्फ़ सोशल मीडिया पर सरकार से मदद माँगने से नहीं मिलेगा। अब कांग्रेस पार्टी बेटियों की रक्षा के लिए यह लड़ाई सड़क पर लड़ेगी।’ इसी के साथ उन्होंने कह कि कांग्रेस अब प्रदेश में बेटी बचाओ अभियान चलाएगी। इसी के साथ उन्होंने कर्ज और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा है।
[dgv_vimeo_video id=”1014265512″]
[dgv_vimeo_video id=”1014263725″]
रतलाम में 5 साल की बेटी के साथ हुई दर्दनाक घटना की खबर से मन बेहद विचलित है। प्रदेश में आए दिन हमारी बेटियों के साथ हो रही ऐसी घटनाएँ मुझे गहरे दुःख और पीड़ा से भर देती हैं। मैं निशब्द हूँ…
अब बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार से उम्मीद करना बेकार है, क्योंकि भाजपा सरकार की…
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) September 29, 2024
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

