जीतू पटवारी ने कहा ‘100 मंगलवार करेंगे इंतजार, 16 मंगल बीते शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात का समय मांगते’

साल के पहले दिन कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने खेत पर जाकर आलू निकाले, खेत मजदूरों से बात की, उनकी समस्याएं सुनी और एक बार फिर केंद्रीय कृषि मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे लगातार शिवराज जी से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आ रहा। पटवारी ने कहा कि वे किसान पुत्र हैं और किसान कभी किसी से नफरत नहीं करता है। वे सकारात्मक रूप से उनसे मुलाकात करना चाहते हैं लेकिन पूर्व सीएम उनकी बात ही नहीं सुनना चाहते।
Jitu Patwari Cornered Shivraj Singh Chouhan

Jitu Patwari Cornered Shivraj Singh Chouhan : जीतू पटवारी ने नए साल का पहला दिन अपने खेत पर बिताया। इस दौरान उन्होंने खेत में काम करने वाले श्रमिकों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। वहीं, एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए उनपर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि वो 100 मंगलवार तक उनसे मिलने का समय मांगते रहेंगे।

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान प्रत्येक मंगलवार को किसानों से मुलाकात करते हैं। जीतू पटवारी भी पिछले सोलह मंगलवार से उनसे मुलाकात का समय मांग रहे हैं। कांग्रेस लगातार बीजेपी पर आरोप लगा रही है कि उसने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। इसी क्रम में वो शिवराज सिंह चौहान पर भी हमलावर है।

जीतू पटवारी ने साल का पहला दिन खेत पर बिताया

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नए साल के पहले दिन अपने खेतों पर जाकर आलू निकाले। उन्होंने ट्रेक्टर चलाया, अपने खेत में लगने वाली फसल देखी और वहां काम कर रहे श्रमिकों से बातचीत भी की। पटवारी ने पूछा कि खेत में काम करने वालों को कितनी मजदूरी मिलती है, बढ़ती महंगाई में उनका गुजारा कैसे होता है और वो किस तरह अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि नए साल में सभी किसानों को भरपूर फसल और अपार तरक्की मिले।

किसानों के मुद्दे पर शिवराज सिंह चौहान को घेरा

इस मौके पर जीतू पटवारी ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा ‘मैं बार बार कहता हूं कि आप व्यावहारिक रूप से किसान पुत्र नहीं हैं..राजनीतिक रूप से किसान पुत्र हैं। मैं किसान का बेटा हूं और किसानों के सारे दर्द समझता हूं। मेरे परिवार में सभी लोगों का जीवनयापन खेती से ही चलता है। ये लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है, राजनीतिक भी नहीं है। ये लड़ाई एमएसपी की है। जो वादे सरकार ने किए, हम उन्हें पूरा करने की माँग कर रहे हैं। पिछले सोलह मंगलवार से मैं पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से मिलने का समय मांग रहा हूं। हम खेती को लेकर सुझाव देना चाहते हैं, सकारात्मक रूप से समय मांगा मिलने के लिए। आपने किसानों से वादे किए वोट लिए और वादे नहीं निभाए तो हमें विपक्ष का दायित्व निभाना है। हमारे मन में कोई नफरत नहीं है। किसान कभी किसी से नफरत नहीं कर सकता है। किसान का बेटा, कितनी भी यातनाएं मिले सहन कर सकता है। किसान का चरित्र और काम करने का तरीका संयम और धैर्य का है।’

100 मंगलवर तक मांगेंगे मिलने का समय

जीतू पटवारी ने कहा कि मैं लगातार शिवराज सिंह चौहान जी से मिलने का समय मांग रहा हैूं, लेकिन वे हमसे मिलना नहीं चाहते हैं। मैं लगातार सोलह मंगलवार से मिलने का समय मांग रहा हूं और 100 मंगलवार तक रास्ता देखूंगा। उसके बाद मैं स्वयं शिवराज जी से मिलने जाऊंगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज साल का पहला दिन है और मैं आज अपने खेत पर बैठकर आपसे एक बार फिर मिलने का समय मांगता हूं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews