जीतू पटवारी ने परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, कहा ‘चेक पोस्ट बंद, लेकिन वसूली पोस्ट चालू’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चेक पोस्ट बंद होने के बावजूद अवैध वसूली जारी है। पटवारी ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार हो रहे खुलासे के बाद भी आखिर विभागीय मंत्री चुप क्यों हैं। उन्होंने सरकार से भ्रष्ट अधिकारियों का इस्तीफा मांगा और चेतावनी दी कि अगर इस मामले पर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जवाब मांगेगी।
jitu Patwari

Jitu Patwari

Jitu Patwari Targets BJP Government : मध्य प्रदेश में परिवहन विभाग में अवैध वसूली को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हाल ही में परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद होने के बाद से विपक्ष सरकार पर हमलावर है। इसे लेकर अब जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि भले ही एमपी में चेक पोस्ट बंद हो गए हों, लेकिन अवैध वसूली जारी है।

बता दें कि मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग पर लगातार अवैध वसूली के आरोपों के बाद मोहन सरकार ने जुलाई से चेक पोस्ट बंद कर दिए थे। लेकिन कांग्रेस का कहना है कि चेक पोस्ट बंद करने के बाद भी ये खेल बदस्तूर जारी है। इसी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल भी किए हैं कि पिछले दिनों हुई गड़बड़ियों के खुलासे के बाद भी इस मामले पर विभाग के मंत्री चुप क्यों है।

परिवहन विभाग में अवैध वसूली को लेकर कांग्रेस का हमला

जीतू पटवारी ने कहा है कि मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार का सिलसिला जारी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जहां एक ओर चेक पोस्ट बंद कर दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर ‘वसूली पोस्ट’ पूरी तरह से चालू है। मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश की सीमा पर भ्रष्टाचार के खेल में अब सरकार की भूमिका स्पष्ट हो चुकी है। इसी क साथ उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर जवाब मांगेगी।

जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हर ट्रक से 500 से 1000 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है और अधिकारियों द्वारा यह कहा जा रहा है कि यह ‘ऊपर से दबाव’ का परिणाम है। पटवारी ने सवाल उठाया कि यह ‘ऊपर से दबाव’ कौन बना रहा है? उन्होंने परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो हफ्तों में उनके विभाग में करोड़ों की गड़बड़ियों का खुलासा हुआ है, जिसमें 100 करोड़ की लाल डायरी और अब अवैध वसूली शामिल हैं। लेकिन मंत्री जी की चुप्पी इस बात की ओर इशारा करती है कि वह इस गहरी साजिश में मिलीभगत है। जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट के मुद्दे पर ‘डबल इंजन की रफ्तार’ का तंज कसते हुए आरोप लगाया कि जनता का पैसा खुलेआम लूटा जा रहा है और सरकार इस पर चुप है।

Virendra Sharma
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews