भजनलाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बोले- “विकास की नई इबारत लिखेगा राजस्थान”

MP CM Dr. Mohan Yadav

MP CM Mohan Yadav attends Oath ceremony of Bhajanlal Sharma : दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जयपुर पहुंचे, मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व  में राजस्थान विकास की नई इबारत लिखेगा। पीएम मोदी के आशीर्वाद से डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम गढ़ेगी।

हिंदी भाषी पट्टी के तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शानदार जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने अब तीनों राज्यों में सरकार का गठन कर लिया है।  दो दिन पूर्व 13 दिसंबर को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों डॉ मोहन यादव और विष्णुदेव साय ने शपथ ग्रहण की और आज 15 दिसंबर को जन्मदिन के विशेष मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शपथ ग्रहण की।

कौन कौन विशेष रूप से शामिल रहा तीनों शपथ ग्रहण समारोह में? 

सबसे खास बात ये रही कि तीनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से मौजूद रहे, उनके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा अन्य केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इसमें शिरकत की।

राजस्थान की सरकार को लेकर क्या बोले सीएम मोहन यादव?

मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी भजनलाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जयपुर पहुंचे, राजस्थान के मीडिया ने उन्हें देखते ही घेर लिया, मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि मैं बाबा महाकाल की नगरी और सम्राट विक्रमादित्य के राज्य से आया हूँ, राजस्थान महाराणा प्रताप की धरती है, सब जानते हैं ये एक महान राज्य है, ये सरकार सुशासन के लिए जानी जाएगी,  भाजपा की डबल इंजन की सरकार यहाँ विकास की नई इबारत लिखेगी।

[dgv_vimeo_video id=”894839113″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews