LPG संकट पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा, जीतू पटवारी बोले ” देश में चल रहा है सिलेंडर और पेट्रोलियम का अघोषित आपातकाल”

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एलपीजी और पेट्रोलियम संकट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए महंगाई की बात करने वाली बीजेपी ने आज देश को ऐसी स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है जहां गैस सिलेंडर की कमी से आम जनता परेशान है कई घरों में खाना बनना तक मुश्किल हो गया है।
MP Congress Jitu Patwari

Jitu Patwari

जीतू पटवारी ने रसोई गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गैस सिलेंडर की कमी से आम जनता गंभीर संकट का सामना कर रही है और हालात ‘अघोषित आपातकाल’ जैसे बन गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2013 में लोगों से अपील की थी कि वोट डालने जाते समय गैस सिलेंडर को नमस्कार करके जाएं..लेकिन आज स्थिति पूरी तरह उलट चुकी है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वर्तमान में सरकार की नीतियों के कारण देशभर में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है और लोग परेशान हो रहे हैं।

कांग्रेस ने पीएम मोदी को पुराने बयान पर घेरा

जीतू पटवारी नरेंद्र मोदी के एक पुराने भाषण का हवाला देते हुए बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि साल 2013 में जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब जनता से अपील की थी कि जब आप वोट करने जाएं तो घर के गैस सिलेंडर को नमस्कार करके जाइए। उस समय उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस सरकार पर महंगाई के मुद्दे पर निशाना साधा था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उस समय महंगाई की बात करने वाली बीजेपी ने अब देश को जिस स्थिति में डाल दिया है वहां आम लोग एक गैस सिलेंडर तक के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आज 2026 में मोदी जी विदेशी सरकारों के आगे नतमस्तक हो गए हैं, जिसके चलते पूरे देश में सिलेंडर और पेट्रोलियम का अघोषित आपातकाल चल रहा है।”

गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उठाए सवाल  

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा स्थिति में रसोई गैस की कमी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, घरों में खाना बनाना मुश्किल हो रहा है और उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। जीतू पटवारी ने कहा कि काले बाजार में सिलेंडर 2 से 3 हजार रुपये तक में बेचे जा रहे हैं और यह स्थिति कमजोर नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘आज एक Compromised PM ने हजारों लाखों लोगों की थाली से रोटी छीन ली है।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews