MP Election 2023 : राजधानी भोपाल की सड़कों पर शिवराज सरकार के खिलाफ कमीशन राज के पोस्टर, कांग्रेस ने ली चुटकी

MP Election 2023 : राजधानी भोपाल की सड़कों पर शिवराज सरकार के खिलाफ कमीशन राज के पोस्टर, कांग्रेस ने ली चुटकी

Posters put up in Bhopal regarding 50% commission raj : भोपाल में कई स्थानों पर ‘आओ बदलें मिलकर आज 50% कमीशन राज’ के पोस्टर लगे दिख रहे हैं। ये पोस्टर शहर के 100 से अधिक इलाकों में चस्पा किए गए हैं। हालांकि इन्हें किसने लगाया है ये अब तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार के खिलाफ 50 प्रतिशत कमीशन राज का आरोप लगाते हुए मुहिम छेड़ रखी है और लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उसे घेर रही है। वहीं इन पोस्टर्स को लेकर अब कांग्रेस ने चुटकी ली है।

100 से ज्यादा इलाकों में लगे पोस्टर

एक बार भी राजधानी के कई  इलाके इन पोस्टरों से पट गए हैं। न्यू मार्केट, नवबहार कॉलोनी, बैंक नगर, नारायण नगर, स्टेशन चौराहा सहित सौ से ज्यादा जगहों पर ऐसे पोस्टर देखे जा सकते हैं। इनमें कुछ पर लिखा है ‘आओ बदलें मिलकर आज 50% कमीशन राज’ तो कुछ पर ‘जनता का एक सवाल कौन खा रहा 50% कमीशन’ ‘50% कमीशनखोरों को भगाओ एमपी को बचाओ’ जैसे नारे लिखे हुए हैं। इसे लेकर कांग्रेस और कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पियूष बबेले ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन राज का खुलासा ख़ुद कर रही है। भोपाल की सड़कें बोल रही है, मामा सरकार डोल रही है।’ बता दें कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शिवराज सरकार पर लगातार हमलावर है और कमलनाथ अपनी हर सभा 50 प्रतिशत कमीशन के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेर रहे हैं।

पहले भी छिड़ चुकी है पोस्टर-वॉर

बता दें कि इससे पहले जून महीने में भी राजधानी के अलग अलग इलाकों में पोस्टर देखे गए थे। उस समय मनीषा मार्केट, शाहपुरा और शैतान सिंह चौराहे पर 23 जून की सुबह कमलनाथ के खिलाफ पोस्टर्स लगे मिले थे। इनपर लिखा  गया था ‘कमलनाथ वॉन्टेड’ और कांग्रेस शासनकाल में कई मामले गिनाए गए थे। इन पोस्टरों पर तो बाकायदा क्यूआर कोड भी दिए गए थे। वहीं उसी दिन शाम होते होते शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ भी पोस्टर चिपक गए। इनमें ‘शिवराज नहीं घोटाला राज’ ‘शिवराज के 18 साल..घपले और घोटालों की भरमार’ जैसे नारे लिखे हुए थे। पिछले कुछ समय से कांग्रेस लगातार 50 प्रतिशत कमीशन के मुद्दे पर bjp सरकार को घेर रही है और इन पोस्टरों के चस्पा होने के बाद अब कांग्रेस के मीडिया सलाहकार ने कहा है कि ये पोस्टर जनता द्वारा किए गए खुलासे हैं और इससे साफ संकेत मिलता है कि लोग बीजेपी की असलियत समझ चुके हैं। फिलहाल, पोस्टर किसने लगाए हैं ये सवाल अनसुलझा है लेकिन एक बार फिर शहर में पोस्टर-वॉर शुरु होती दिख रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews