
MP Election 2023 : भाजपा वरिष्ठ नेता उमा भारती ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला को अपना घर संभालने की सलाह दी है। दरअसल एक दिन पहले ही उमा भारती ने बीजेपी जनआशीर्वाद यात्रा में उन्हें न बुलाने को लेकर नाराजगी जताई थी। इसे लेकर सुरजेवाल ने टिप्पणी की कि भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं का अपमान करती है। इस बात पर अब उमा भारती ने उन्हें अपना घर संभालने की नसीहत दी है।
क्या है मामला
सोमवार को उमा भारती ने ट्वीट करते हुए कहा कि “मुझे जन आशीर्वाद यात्रा के प्रारंभ में निमंत्रण नहीं मिला यह सच्चाई है कि ऐसा मैंने कहा है लेकिन निमंत्रण मिलने या ना मिलने से मैं कम ज्यादा नहीं हो जाती । हाँ अब यदि मुझे निमंत्रण दिया गया तो मैं कही नहीं जाऊँगी । ना प्रारंभ में ना 25 सितंबर के समापन समारोह में।” इस तरह उन्होने साफ साफ शब्दों में खुद को न बुलाने पर नाराजगी जाहिर की। इसे लेकर जब पत्रकारों ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला से प्रश्न किया तो उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की आदत रही है कि वो अपने वरिष्ठ नेताओं के अपमानित करती है। मोदी सरकार की बात तो या शिवराज सरकार की..उन्होने सभी पुराने लोगों को दरकिनार कर दिया। इन्होने लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को रिटायर कर दिया। लेकिन भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों का सम्मान करना सिखाया जाता है, जो अपने बुजुर्गों का सम्मान नहीं करता भगवान भी माफ नहीं करते।
सुरजेवाला की हमदर्दी रास नहीं आई
लेकिन सुरजेवाला की ये हमदर्दी उमा भारती को रास नहीं आई। उन्होने फिर ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता को खरी खरी सुना दी है। उमा भारती ने लिखा है कि “रणदीप सिंह सुरजेवाला जी, आप मेरे एवं मेरी पार्टी के बीच में मत आइए, अपना घर संभालिए।” इस तरह उन्होने साफ कर दिया है कि पार्टी से चाहे उनकी जो नाराजगी हो लेकिन वो किसी बाहरी व्यक्ति की दखलअंदाजी पसंद नहीं करेंगी। कल भी उन्होने ट्वीट में साफ कहा था कि वे जनआशीर्वाद यात्रा में नहीं जाएंगीं लेकिन शिवराज सिंह चौहान के प्रति उनके मन में बेहद स्नेह है और अगर वे कहेंगे तो उनकी बात का मान रखते हुए वे चुनाव प्रचार के लिए कहीं भी जा सकती हैं। इसी के साथ उन्होने ये भी लिखा था कि ‘मैं उन लोगों में से हूं जिनके खून पसीने से भाजपा बनी है और मैं पार्टी का कभी भी नुकसान नहीं करुंगी।’
रणदीप सिंह सुरजेवाला जी, आप मेरे एवं मेरी पार्टी के बीच में मत आइए, अपना घर संभालिए। @rssurjewala
— Uma Bharti (@umasribharti) September 5, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

