मध्यप्रदेश में खाद संकट पर गरजे कमलनाथ, कहा ‘कल चेतावनी दी थी आज फिर कह रहा हूँ कि प्रशासन तत्काल राहत पहुँचाए’

छिंदवाड़ा में किसान खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि सुबह चार बजे से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है। कई किसानों की ये शिकायत भी है कि खाद तो दूर की बात, उन्हें खाद की बोरी लेने के लिए टोकन भी नहीं दिया जा रहा है ताकि वे बतायी गई तारीख पर आकर खाद प्राप्त कर सकें।
MP Assembly Special Session

Kamal Nath

मध्यप्रदेश के कई जिलों में किसान खाद की कमी के कारण परेशान हैं। स्थिति ये है कि खाद वितरण केंद्रों पर किसान सुबह चार बजे से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इसे मामले पर कांग्रेस लगातार सरकार से पर्याप्त खाद आपूर्ति की मांग कर रही है। कमलनाथ ने अपने गृह जिले छिंदवाड़ा में खाद की कमी का मामला उठाते हुए सरकार से तुरंत इसका समाधान करने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि ‘मैंने कल भी चेतावनी दी थी और आज फिर कह रहा हूँ कि प्रशासन तत्काल किसानों को राहत पहुँचाए। किसानों को झूठे आश्वासन देना बंद करे। किसानों को जितनी खाद की आवश्यकता है, उतनी उपलब्ध कराए।’

खाद संकट पर कमलनाथ ने सरकार को घेरा

कमलनाथ ने मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से छिंदवाड़ा ज़िले में खाद-आपूर्ति की स्थिति को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि आज सुबह अमरवाड़ा में खाद न मिलने से परेशान किसानों ने सड़क पर धरना दिया और कल छिंदवाड़ा में भी किसानों को इसी तरह से विरोध प्रदर्शन करना पड़ा था। पूर्व सीएम ने कहा कि किसानों को सुबह चार बजे से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है। कई किसानों का यहाँ तक कहना है कि खाद तो दूर की बात..उन्हें खाद की बोरी लेने के लिए टोकन भी नहीं दिया जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की आवश्यकता अभी है, अगर हफ्ते भर बाद उन्हें खाद मिलेगी तो वो उनके किसी काम की नहीं होगी।

प्रशासन को दी चेतावनी

कमलनाथ ने एक दिन पहले भी खाद की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से इसकी पर्याप्त आपूर्ति करने की मांग की थी। अब उन्होंने कठोर रूख अपनाते हुए सरकार से तुरंत इस समस्या का निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ‘प्रशासन को यह सब बातें पहले से पता है कि किसानों को किस समय खाद की आवश्यकता होगी..लेकिन जानबूझकर किसानों को परेशान करने के लिए खाद की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसी के साथ उन्होंने चेतावनी देते हुए प्रशासन से तत्काल किसानों को राहत पहुंचाने को कहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews