‘ओ मोदीजी, हमरे यहन का रोड बनवा देई’, सीधी की महिला ने पीएम मोदी से की सड़क बनवाने की गुज़ारिश, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस वीडियो में महिला अपने देसी लहज़े में प्रधानमंत्री से कह रही हैं कि मध्य प्रदेश में लोगों ने सभी 29 सीटों पर बीजेपी को जिताया है और इसके बाद कम से कम उनके यहाँ की सड़क तो बनवा दी जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग विधायक, सांसद, कलेक्टर सबसे शिकायत कर चुके हैं लेकिन किसी ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। बारिश के मौसम में वहाँ हालत और ख़राब हो जाती है और कई बार ख़राब सड़क पर बसें भी पलट चुकी हैं।
‘ओ मोदीजी, हमरे यहन का रोड बनवा देई’, सीधी की महिला ने पीएम मोदी से की सड़क बनवाने की गुज़ारिश, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

MP News : बारिश का मौसम है। ये मौसम कई लोगों के लिए रूमानियत का सबब होता है तो कई के लिए मज़ेदार खाने पीने का। लेकिन बारिश की आमद होते ही कुछ समस्याएं भी शुरु हो जाती हैं जिनमें से एक बड़ी समस्या है सड़कों में जलभराव और गड्ढे होना। हालाँकि ये समस्या सिर्फ़ बारिश से जुड़ी हुई नहीं है। अब भी कई जगहों पर लोग अरसे से पक्की सड़क बनने का इंतज़ार कर रहे हैं। ऐसे में एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है..जिसमें सीधी ज़िले की एक महिला प्रधानमंत्री मोदी से सड़क बनवाने की गुहार कर रही है।

वीडियो में महिला ने पीएम मोदी से मांगी मदद

‘ओssss मोदी जी…हमरे यहन का रोड बनवा देई’ वीडियो में ये महिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यही कहती दिखाई दे रही है। इस वीडियो में वो अपने देसी लहज़े में कह रही हैं कि हमारे मध्य प्रदेश के लोगों ने सभी 29 सीटों पर बीजेपी सांसदों को जिताया है..तो आप कम से कम प्रदेश में रोड तो बनवा दीजिए। इसके बाद वो अपने पीछे की कच्ची सड़क की ओर इशारा करते हुए कहती हैं कि यहां की रोड कबाड़ है। हमारे यहाँ के लोगों ने सांसद, विधायक, कलेक्टर सबसे शिकायत कर दी लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। यहाँ के लोगों को आने जाने में बहुत परेशानी होती है। इसके बाद वो बताती हैं कि उनके गाँव का नाम है जिला सीधी में खडीखुर्द। उन्होंने कहा कि यहाँ कई बार बस भी पलट चुकी है और बरसात में और हालत ख़राब हो जाती है। वो कहती हैं कि ‘हमारी अपील है मोदीजी तक बात जानी चाहिए’।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

ये वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर chaprazila नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और इसमें कैप्शन लिखा है कि ‘कृपया सभी मित्रों से निवेदन है कि इ भौजी की बात, मोदी जी तक पहुंचाएं! जनता को ऐसे ही अपना हक मांगना चाहिए’। वीडियो को अब तक 2 लाख 60 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं और लोगों को इस महिला का देसी अंदाज़ बहुत भा रहा है। कई लोग कमेंट में उनका समर्थन कर रहे हैं। इस बीच याद दिला दें कि दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘लोक-पथ’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से कोई भी कहीं से भी मोबाइल द्वारा गड्ढों और खराब सड़कों की शिकायत कर सकता है और विभाग द्वारा 7 दिनों में उसका समाधान किया जाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews