
CM Shivraj Singh Chouhan in Bengaluru : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बेंगलुरू में हैं और यहां वे “इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज़ इन मध्यप्रदेश” विषय पर इंटरएक्टिव सेशन में उद्योगपतियों एवं निवेशकों से चर्चा कर रहे हैं। इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उन्होने निवेशकों को आमंत्रित किया। ये समिट 9 से 11 जनवरी 2023 के बीच होगा। आज दिन भर वे अलग अलग निवेशकों से मुलाकात करेंगे और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
उद्योगपतियों और निवेशकों से चर्चा
सीएम आज बेंगलुरु में आईटी, बीपीओ, ईएसडीएम, आईटी पार्क डेवलपर्स, स्टार्टअप क्षेत्र की कंपनियों के साथ सीईओ राउंड टेबल बैठक में भाग ले रहे हैं। उनके साथ मंत्री ओमप्रकाश सकचेला और राजवर्धन सिंह दत्तीगांव भी मौजूद हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मैं आप सभी निवेशक मित्रों को मध्यप्रदेश हृदय से आमंत्रित करता हूं। आप पधारिये, आप भी लाभ कमाइये और हमारे बच्चों को रोजगार दीजिए। हम मिलकर कार्य करें। आप भी बढ़ें और देश भी आगे बढ़े।’ उन्होने कहा कि हम शिक्षा के लिए बहुत संजीदगी से काम कर रहे हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब-लाइब्रेरी, प्ले ग्राउंड से युक्त सीएम राइज स्कूल का कॉन्सेप्ट हम लेकर आए हैं। आईटीआई को हमने आधुनिक बनाया है। इसी के साथ बेहतरीन सड़क, लगातार बिजली और पर्याप्त पानी की उपलब्धता निवेशकों को मध्यप्रदेश के आकर्षित कर रही है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि हम मध्यप्रदेश को निवेश के लिए सबसे बेहतर राज्य बनाने के लिए संकल्पित हैं।
मुख्यमंत्री ने यहां कहा कि ‘हम देश का सबसे स्वच्छ प्रदेश हैं। अगर क्रिकेट की भाषा में कहें तो स्वच्छता का छक्का मारा है हमने। भोपाल देश की स्वच्छतम राजधानी है। हमने 3 लाख किलोमीटर शानदार सड़कें बनाई है। अभी हमारी योजना है अटल एक्सप्रेस वे की। हर क्षेत्र में हम आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। कृषि के क्षेत्र में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश की ग्रोथ रेट इस साल 19.76 प्रतिशत है। पीएम ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया तो हमने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप बना दिया।’
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आमंत्रण दिया
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ई इन्फोचिप्स के निदेशक तरुण बजाज ने भेंट की। वे इंफोसिस के निलाद्री, आईटीसी इंफोटेक के सीएचआरओ कौशिक राय, एयर एशिया इंडिया के राष्ट्रीय प्रमुख सुरेश नायर, वंडरला के उल्लास कामत, QUADGEN Wireless Solutions के फाउंडर एंड चेयरमैन सीएस राव सहित कई उद्योगपतियों और निवेशकों से मिले और अगले वर्ष जनवरी में इंदौर में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में उन्हें आमंत्रित किया तथा निवेश के संबंध में चर्चा की। उद्योगपतियों ने भी निवेश को लेकर उत्साह दिखाया। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 को लेकर जोर शोर से तैयारियां जारी है और खुद मुख्यमंत्री इसकी निगरानी कर रहे हैं।
Round Table Meeting with IT/ITES/ESDM Sector #InvestMPinBengaluru @InvestMP @FollowCII @CII4WR @MPIDC https://t.co/5bCdnaza6G
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) November 24, 2022
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

