MP News : सीएम शिवराज ने कहा ’50 साल के विकास की बुनियाद रखने वाला बजट’

MP News : सीएम शिवराज ने कहा ’50 साल के विकास की बुनियाद रखने वाला बजट’

CM Shivraj on the Union budget : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस बार प्रस्तुत किए गए बजट में गरीब और मध्यम वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है और समाज के कमजोर तबके को ऊपर उठाने व उन्हें समर्थ बनाने के लिए तमाम घोषणाएं की गई हैं। उन्होने कहा कि ‘यह बजट गरीबों, किसानों, वंचित व शोषितों, दलितों, जनजातियों, दिव्यांगों, माताओं-बहनों तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने का बजट है। इस बजट ने सभी वर्गों को छुआ है। यह सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी बजट है।’

पत्रकारों से चर्चा

सीएम शिवराज ने आज भोपाल में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित किया। यहां उन्होने बजट में पेश किए गए प्रमुख बिंदुओं पर बात की और कहा कि ये एक ऐसा बजट है जिसमें सभी का ध्यान रखा गया है। उन्होने कहा कि ‘कल केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने अमृत काल का पहला आम बजट प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट है। युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए पीएम कौशल विकास योजना 4.0 बहुत स्वागत योग्य कदम है। इसमें 40 स्किल सेंटर देशभर में स्थापित किये जायेंगे। महिला विकास पत्र जारी करने का फैसला अभिनंदनीय है। अब बहनों को 2 लाख रुपये की बचत पर सालाना साढ़े 7% ब्याज मिलेगा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेविंग अकाउंट में रखने वाली राशि को साढ़े 4 लाख से बढ़ाकर 9 लाख रुपया कर दिया गया है। नेशनल हाइड्रोजन मिशन के लिए 19,700 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। 2030 तक 50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादित करने का लक्ष्य है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की कार्बन उत्सर्जन को जीरो करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’

‘विकास का बजट’

मुख्यमंत्री ने इसे विकास का बजट बताते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री आवास योजना के बजट को बढ़ाकर 69 हजार करोड़ रुपया कर दिया गया है। इससे हर गरीब के अपने घर का सपना साकार होगा। यह देश के विकास को समर्पित बजट है। चाहे कृषि विकास हो, श्रमिक कल्याण, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण तथा अधोसंरचना का विकास हो, प्रत्येक क्षेत्र को इस बजट ने छुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने सामाजिक न्याय, समानता,सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। यह बजट उस संकल्प को पूरा करने वाला बजट है।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews