MP News: विधानसभा में सरकार को इन मुद्दों पर घेरेगी कांग्रेस, CRISP में MD की नियुक्ति पर भी जीतू पटवारी ने उठाये सवाल

जीतू पटवारी ने लिखा-अभी तक तो सिर्फ परीक्षा घोटाले ही सुने थे लेकिन भाजपा की अंधेरनगरी में पहली बार नया चलन शुरू हो गया है। अराजकता के इस "अद्भुत" दौर में अब तो पारदर्शी दिखने की भी जरूरत भी नहीं रह गई है।
Jitu Patwari

MP News : आज से मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है, डॉ मोहन यादव सरकार इस सत्र में अपना पहला पूर्ण बजट भी पेश करेगी, उधर कांग्रेस ने भी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया X पर इसका खुलासा किया है उन्होंने CRISP में एमडी के पद पर की गई नियुक्ति पर भी सवाल उठाये हैं।

मप्र विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखकर स्पष्ट किया है कि इस सत्र में सरकार को विपक्ष के सवालों का जवाब देना होगा, जीतू पटवारी ने लिखा कांग्रेस के सभी विधायक सरकार से नीट और नर्सिंग घोटाले का हिसाब लेंगे, युवाओं का भविष्य बर्बाद करने से जुड़े हर सवाल का जवाब लेंगे, नर्सिंग घोटाले के मास्टर माइंड का इस्तीफ़ा क्यों नहीं हुआ, ये भी पूछा जायेगा।

लाड़ली बहनों को 3000 हजार और गेहूं , धान के समर्थन मूल्य के वादों का क्या हुआ ? 

जीतू पटवारी ने आगे लिखा – सरकार को यह भी बताना होगा कि अपने वचन-पत्र को गीता और रामायण जैसा पवित्र बताने के बाद भी लाड़ली बहनों को 3000 रुपये प्रतिमाह, गेहूं के लिए 2700 रुपये और धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये क्यों नहीं दिया जा रहा? सरकार ने आज तक इस पर एक भी कदम क्यों नहीं उठाया है? मध्य प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र लाओ।

दलितों के साथ अपराध और अत्याचार के मामलों में मध्य प्रदेश नंबर वन क्यों है?

उन्होंने लिखा प्रदेश की भाजपा सरकार को यह भी बताना होगा कि दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार मप्र में ही क्यों होने लगे? दलित महिलाओं को तालिबानी तरीके से मध्य प्रदेश में क्यों पीटा जा रहा है? दलितों के साथ अपराध और अत्याचार के मामलों में मध्य प्रदेश नंबर वन क्यों है? वल्लभ भवन की पांचवी मंजिल से ट्रांस्फ़र उद्योग क्यों चल रहा हैं? क्यों मध्य प्रदेश में शराब पर अतिरिक्त वसूली कर, सरकार की ऊपरी जेब भरी जा रही है? मप्र की परिवहन चौकियों पर लूट के खुले अड्डों को लेकर अब तक भी सिर्फ बयान ही क्यों जारी हो रहे हैं?

CRISP में MD की नियुक्ति पर उठाये सवाल 

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पिछले दिनों CRISP में MD के पद पर सरकार द्वारा की गई नियुक्ति पर भी सवाल उठाये हैं, जीतू पटवारी ने X पर लिखा – ढेर सारे पेपर लीक और भर्ती घोटाले के बाद अब तो नौकरी भी बिना विज्ञापन, बिना इंटरव्यू के दी जा रही है। अभी तक तो सिर्फ परीक्षा घोटाले ही सुने थे लेकिन भाजपा की अंधेरनगरी में पहली बार नया चलन शुरू हो गया है। अराजकता के इस “अद्भुत” दौर में अब तो पारदर्शी दिखने की भी जरूरत भी नहीं रह गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews