मध्य प्रदेश सरकार अपने मंत्रियों के लिए खरीदेगी 5 करोड़ की लग्ज़री गाड़ियां, कांग्रेस ने कहा ‘गरीबी में आटा गीला’

जीतू पटवारी ने कहा कि पौने चार लाख करोड़ के बड़े और भारी कर्ज में डूबी बीजेपी सरकार अपने मंत्रियों के लिए पांच करोड़ में लग्जरी गाड़ियां खरीदने जा रही है। उन्होंने कहा कि सुख-सुविधाओं पर करोड़ों खर्च कर चुकी प्रदेश सरकार में अब इतनी भी नैतिकता नहीं बची है कि लग्जरी खर्च को कम कर सके।
Jitu Patwari

MP News : मध्य प्रदेश सरकार ने अपने मंत्रियों के लिए नई गाड़ियां ख़रीदने के प्रस्ताव को मंज़ूरी मिल चुकी है। इस महीने के आख़िर तक पच्चीस नई गाड़ियां आ जाएँगी। इसे लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है और कहा है एक तरफ प्रदेश कर्ज़ में डूबा हुआ है और दूसरी तरफ़ सरकार लग्ज़री कारों पर पैसा खर्च कर रही है। जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरा है।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने एक्स पर लिखा है कि ‘पौने चार लाख करोड़ के बड़े और भारी कर्ज में डूबी बीजेपी सरकार अपने मंत्रियों के लिए पांच करोड़ में लग्जरी गाड़ियां खरीदने जा रही है। बताया जा रहा है कि 25 नई चमचमाती गाड़ियां इसी माह के अंत तक आ जाएंगी। नई गाड़ियों की डिलिवरी के लिए अगस्त की डेट मिली थी, लेकिन मंत्री इसी माह गाड़ियों की डिमांड कर रहे हैं। दबाव में सरकार ने जून के अंत तक लग्जरी गाड़ियां देने का अनुरोध किया है। जबकि पांच मंत्रियों को नई गाड़ियां पहले ही मिल चुकी हैं।’

उन्होंने कहा कि ‘सुख-सुविधाओं पर करोड़ों खर्च कर चुकी प्रदेश सरकार में अब इतनी भी नैतिकता नहीं बची है कि लग्जरी खर्च को कम कर सके। खास करके तब जब वह बीते दो चुनाव में अपने घोषित वादों को भी पूरा नहीं कर रही है। किसानों को घोषित समर्थन मूल्य नहीं देने वाली सरकार के मंत्री यदि लग्जरी गाड़ियों में बैठकर गांव में घूमेंगे, तो किसानों की तकलीफ ज्यादा बढ़ जाएगी। ₹3000 प्रतिमाह मिलने का सपना देख रही लाखों लाड़ली बहना महंगी गाड़ियों में मंत्रियों के नखरे कैसे झेल पाएंगीं? इसके पहले कई सारे माननीय मंत्री महोदय के बंगलों की लग्जरी सजावट में फिर से करोड़ों रुपए खर्च किए गए। कर्ज में डूबी सरकार गरीब जनता के पैसों पर ऐसी लग्जरी कैसे उठा सकती है? विशेष रूप से तब जब मंत्री जी के निवास पहले से ही बेहतर स्थिति में थे।’

सीएम से कहा ‘चुनावी वादे पूरा करें’

पटवारी ने लिखा कि ‘मुख्यमंत्री जी के उड़न खटोले के लिए भी गरीब प्रदेश की कर्जदार सरकार ने 56 इंच से बड़ी छाती खोलकर बजट बनाया और देश दुनिया में डिंडोरी पीट कर कोटेशन भी मंगवाए। महंगे हवाई जहाज में हवा-हवाई सरकार जनता के पैसों से ही तो ऐश करेगी। यह वही जनता है जो गांव, गरीब, किसान और पीड़ित महिलाओं के रूप में मध्यप्रदेश में रह रही है। वह बीजेपी के चुनावी वादों पर भरोसा करती है और चुनाव जीतने के बाद भाजपा की भगौड़ी सूरत को देखकर खुद को ठगा हुआ महसूस करती है। सीएम मोहन यादव जी, मेरा आग्रह है गरीबी में आटे को और ज्यादा गिला नहीं करना चाहिए! लग्जरी खर्चे में कमी करते हुए पहले चुनावी वादों को पूरा करने में ध्यान और धन लगाना चाहिए।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews