MP News : सरकार करेगी इस योजना का विस्तार, जनजातीय विद्यार्थियों को दी जाएगी फ्री-कोचिंग, संवरेगा भविष्य

आकांक्षा योजना में इस समय 800 जनजातीय विद्यार्थियों को तीन संभागीय मुख्यालय भोपाल, इन्दौर एवं जबलपुर में JEE, NEET एवं CLAT की फ्री कोचिंग का लाभ ले रहे हैं।
coaching

Akanksha Yojana MP Tribal Affairs Department :  मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य को सुनहरा बनाने के लिए आकांक्षा योजना चला रही है जिसमें उन्हें राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता के लिए फ्री कोचिंग दी जाती है, अभी फ्री कोचिंग की व्यवस्था इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर संभागीय मुख्यालय पर दी जा रही है लेकिन अब सरकार इस योजना का विस्तार करने जा रही है जिससे प्रदेश के सभी जनजातीय विकासखंडों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित आकांक्षा योजना का लाभ अब प्रदेश के सभी जनजातीय विकासखंडों के विद्यार्थियों को मिलेगा उन्होंने बताया कि इस योजना में JEE, NEET एवं CLAT जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर संभागीय मुख्यालय में जनजातीय विद्यार्थियों को फ्री-कोचिंग दी जाती है। लेकिन अब इस योजना का विस्तार किया जा रहा है।

अब उज्जैन और खंडवा के विद्यार्थी भी उठा सकेंगे योजना का लाभ 

मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष 2025-26 के लिये इस योजना के संदर्भ में जो संशोधित कार्य योजना (डीपीआर) तैयार की जा रही उसमें इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर संभागीय मुख्यालय के अलावा उज्जैन संभागीय मुख्यालय एवं खण्डवा जिला मुख्यालय में भी जनजातीय विद्यार्थियों को भी तीनों राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग दिलाने की प्लानिंग है।

भोपाल, इन्दौर एवं जबलपुर में 800 जनजातीय विद्यार्थियों ले रहे फ्री कोचिंग 

उन्होंने बताया कि आकांक्षा योजना में इस समय 800 जनजातीय विद्यार्थियों को तीन संभागीय मुख्यालय भोपाल, इन्दौर एवं जबलपुर में JEE, NEET एवं CLAT की फ्री कोचिंग का लाभ ले रहे हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में 2 करोड़ 32 लाख 12 हजार रुपये व्यय कर 728 जनजातीय विद्यार्थियों को लाभ दिया गया। इसमें 209 विद्यार्थी JEE, 132 विद्यार्थी NEET एवं 130 विद्यार्थी CLAT की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।

सीटों और कोचिंग सेंटर्स की संख्या में भी होगा विस्तार 

मंत्री डॉ विजय शाह ने बताया कि आकांक्षा योजना की सफलता को देखते हुये मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर की इन तीनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सीटों और कोचिंग के लिये सेंटर्स की संख्या में भी विस्तार किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिये आकांक्षा योजना की प्रस्तावित संशोधित कार्ययोजना में JEE परीक्षा की तैयारी के लिए इंदौर में 100, भोपाल में 400, जबलपुर में 100, उज्जैन में 100 एवं खंडवा में 100, कुल 800 विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी।

छात्रावास भवन की सुविधा उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव

NEET परीक्षा की तैयारी के लिए इंदौर में 200, भोपाल में 100, जबलपुर में 100, उज्जैन में 100 एवं खंडवा में 100, कुल 600 विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी। इसी प्रकार CLAT परीक्षा की तैयारी के लिए इंदौर में 50, जबलपुर में 200 एवं खंडवा में 50, कुल 300 विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी। संशोधित आकांक्षा योजना में विद्यार्थियों को पृथक छात्रावास भवन की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी है। इस संशोधित योजना की शासन से स्वीकृति ली जा रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews